Edited By Vijay, Updated: 19 Jul, 2023 07:37 PM

चम्बा जिला के उपमंडल सलूणी के तेलका क्षेत्र के काशनेड व मौडा में बादल फटने से भारी नुक्सान हुआ है। रात के 2 बजे बादल फटने से नाले का जलस्तर एकदम बढ़ गया, जिससे सूखा नाला उफनते दरिया में तबदील हो गया। इससे साथ लगते कई घरों में पानी भर गया। घरों में...
तेलका (इरशाद): चम्बा जिला के उपमंडल सलूणी के तेलका क्षेत्र के काशनेड व मौडा में बादल फटने से भारी नुक्सान हुआ है। रात के 2 बजे बादल फटने से नाले का जलस्तर एकदम बढ़ गया, जिससे सूखा नाला उफनते दरिया में तबदील हो गया। इससे साथ लगते कई घरों में पानी भर गया। घरों में पानी घुसने से लोगों ने जरूरी सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। बादल फटने से नाले में आई बाढ़ व भूस्खलन के कारण 2 कारों एक स्कूटी को भी नुक्सान हुआ है। स्कूटी के मालिक अब्दुल फारूक निवासी गांव मौडा ने बताया कि नाले का जलस्तर बढ़ने के कारण उसकी स्कूटी बह गई। उधर, सालवां पंचायत में भी बादल फटने से बिन्दोखी नाले का जलस्तर बढ़ गया, जिससे कुलदीप शर्मा की कार को क्षति पहुंची है। तेलका क्षेत्र की सभी पंचायतों के लोगों की भूमि भूस्खलन की जद्द में आने से जगह-जगह डंगे गिर गए हैं व मक्की की फसल भी तबाह हो चुकी है। इसके अलावा चौगा गांव निवासी चिनालु राम की गाड़ी भूस्खलन की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो चुकी है।

वहीं सलण गांव के प्रह्लाद पुत्र लोची का घर भूस्खलन की जद्द में आने से खतरे में आ गया है। कौथी गांव के हंसराज की गऊशाला, नलेली गांव निवासी बलवंत सिंह के घर के चारों तरफ मलबा गिरने से घर को खतरा पैदा हो गया है। ग्राम पंचायत बाड़का के गांव सलोट निवासी यूसुफ खान की गऊशाला गिरने से उसकी दो गऊएं मलबे में दबकर मर गई हैं। इसके अलावा तेलका क्षेत्र के कई गांवों में बिजली की आपूर्ति ठप्प हो गई है। वहीं टिकरी गांव निवासी बशीर मुहम्मद पुत्र मौलू के घर के पीछे का डंगा गिर जाने से घर को खतरा मंडरा रहा है। गम्भीर गांव निवासी राजमल व महिंदर के घर को खतरा पैदा हो गया है तथा उनकी एक गाय भूस्खलन की जद्द में आने से बह गई। मांजु गांव निवासी सविता देवी का घर भूस्खलन से खतरे में आ गया है। इसी प्रकार बाड़का पंचायत के गडेण गांव पर भूस्खलन होने से खतरा मंडरा रहा है।
चम्बा से गरझिंडु मुख्य सड़क मार्ग पर भूस्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप्प हो गई है। लोक निर्माण विभाग सलूणी ने मशीनरी को भेजकर मार्ग को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया है। इस संबंध में कार्यवाहक एसडीएम सलूणी विनोद कुमार टंडन का कहना है कि भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों के आकलन हेतु संबंधित पटवारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद प्रभावित परिवारों को मदद दी जाएगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here