Edited By Vijay, Updated: 22 Jul, 2023 04:38 PM

रोहड़ू उपमंडल के छौहारा विकासखंड की ग्राम पंचायत डिसवानी के लैला में बादल फटने से दादा-दादी और पोते की दुखद मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा बीती रात्रि करीब 3-4 बजे के करीब हुआ बताया जा रहा है।
रोहड़ू (ब्यूरो): रोहड़ू उपमंडल के छौहारा विकासखंड की ग्राम पंचायत डिसवानी के लैला में बादल फटने से दादा-दादी और पोते की दुखद मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा बीती रात्रि करीब 3-4 बजे के करीब हुआ बताया जा रहा है। क्षेत्र में रात भर हुई भारी बारिश के चलते बादल फटने से लैला खड्ड में बाढ़ आ गई। इस दौरान घर में सो रहे रोशन शर्मा (57) तथा उनकी पत्नी भागा देवी (55) व पोता कार्तिक (14) बाढ़ की चपेट में आकर मलबे में जिंदा दफन हो गए। ग्राम पंचायत डिसवानी के जगोटी गांव के रहने वाले रोशन शर्मा लैला में दुकान चलाते थे तथा अपनी पत्नी के साथ लैला में ही रहते थे। बीते दिन उनका पोता कार्तिक भी लैला में अपने दादा-दादी के पास ठहरा हुआ था तथा रात को आई बाढ़ में तीनों की मलबे में दबकर मौत हो गई।

8 से 10 गाड़ियां व 12 घर मलबे में दबे
बादल फटने से लैला खड्ड में आई बाढ़ से भारी तबाही हुई है, जिसमें 8 से 10 गाड़ियां व करीब 12 घर मलबे में दब गए व कई घरों में बाढ़ का मलबा घुस गया। बादल फटने की घटना की जानकारी मिलते ही उपमंडल अधिकारी रोहड़ू सन्नी शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे तीनों लोगों को खोजने के लिए जेसीबी लगाकर तीनों की तलाश शुरू की।
दोगरी नाले में फटा बादल, लोग ने डर के साए में काटी रात
वहीं दूसरी तरफ ग्राम पंचायत गवास के कई गांव में भारी बारिश के चलते शेलापानी, दोगरी नाले में बादल फटने से भारी क्षति हुई है। कई लोगों के बगीचे बाढ़ में बहने की खबर है तथा करीब 10-12 घरों में दरारें आ गई है। गवास पंचायत के बागी गांव निवासी जगदीश, हरवंश लाल, धनवीर, शिव सिंह व बुधनाथ के घरों में दरारें आई है व डंगे गिरने से कई घरो को खतरा पैदा हो गया है। बादल फटने की घटना से दोगरी गांव के लोग ने डर के साए में रात काटी।गवास पंचायत में हुई बादल फटने की घटना से काफी संख्या में लोगो के सेब के बगीचे तथा सेब फसल तबाह हो गई है। दूसरी तरफ रोहड़ू बाजार के साथ लगते अढ़ाल रोड पर भी चट्टानें गिर रही है जिससे यह मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here