Edited By Vijay, Updated: 13 Dec, 2022 11:32 PM

हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुुखविंदर सिंह सुक्खू तथा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री के कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत अब मंत्रिमंडल गठन को लेकर मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री सहित विधायकों की दिल्ली दौड़ भी शुरू हो गई है। कई विधायकों ने दिल्ली में...
शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुुखविंदर सिंह सुक्खू तथा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री के कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत अब मंत्रिमंडल गठन को लेकर मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री सहित विधायकों की दिल्ली दौड़ भी शुरू हो गई है। कई विधायकों ने दिल्ली में डेरा डाल रखा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का भी बुधवार 14 दिसम्बर को शिमला से दिल्ली रवाना होंगे। उनका दोपहर बाद 3 बजे दिल्ली जाने का कार्यक्रम है। दिल्ली में वह प्रदेश में मंत्रिमंडल के गठन को लेकर पार्टी हाईकमान से चर्चा करेंगे। बता दें कि कांग्रेस को बहुमत के बावजूद मंत्रिमंडल के गठन को लेकर पेच फंसा हुआ है।
प्रतिभा गुट मंत्रिमंडल में अपने अधिक विधायकों को शामिल करने पर अड़ा
जानकारी है कि मंत्रिमंडल में प्रतिभा गुट अपने अधिक विधायकों को शामिल करने पर अड़ा हुआ है। इस कारण 11 दिसम्बर को मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के समय मंत्रियों को शपथ नहीं दिलाई जा सकी थी। इसके बाद गत दिन सोमवार को भी प्रदेश सचिवालय में मंत्रिमंडल के गठन को लेकर प्रदेश कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई थी, लेकिन उसमें भी नामों पर सहमति नहीं बन पाई। ऐसे में हिमाचल के सभी कांग्रेसी विधायकों का दिल्ली पहुंचने का क्रम जारी है तथा अब पार्टी हाईकमान से चर्चा के उपरांत ही इसका गठन होगा।
हाईकमान से चर्चा के बाद मंत्रिमंडल गठन पर सहमति बनाने का होगा प्रयास
उधर, राज्य में मंत्रिमंडल का गठन 16 दिसम्बर के बाद ही होगा क्योंकि मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री सहित सभी 40 कांग्रेसी विधायक 16 दिसम्बर को अलवर में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर उसमें शामिल होंगे। इस दौरान दिल्ली में केंद्रीय नेताओं तथा पार्टी हाईकमान से चर्चा के बाद मंत्रिमंडल के गठन पर सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह पहले ही दिल्ली पहुंच चुकी हैं, क्योंकि इन दिनों संसद का सत्र चल रहा है। जानकारी है कि विधायक विक्रमादित्य सिंह सहित राजिंद्र राणा, विधायक कर्नल धनीराम शांडिल व सुधीर शर्मा भी इन दिनों दिल्ली में हैं। अन्य विधायक बुधवार को दिल्ली रवाना होंगे।
ये हैं दावेदार
उधर, कई कांग्रेसी विधायक मंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं। इनमें प्रमुख तौर से जिला शिमला से रोहित ठाकुर, विक्रमादित्य सिंह, अनिरुद्ध सिंह व कुलदीप राठौर, कांगड़ा से सुधीर शर्मा, चंद्र कुमार, चम्बा से कुलदीप पठानिया, सोलन से धनीराम शांडिल, किन्नौर से जगत सिंह नेगी, लाहौल-स्पीति से रवि ठाकुर, सिरमौर से हर्षवर्धन चौहान, घुमारवीं से राजेश धर्माणी, हमीरपुर से राजेंद्र राणा, संजय रत्न व कुल्लू से सुंदर सिंह ठाकुर आदि शामिल हैं।
राजीव शुक्ला सभी विधायकों को देंगे डिनर
कांग्रेस के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला हिमाचल प्रदेश के सभी कांग्रेसी विधायकों को दिल्ली में 15 दिसम्बर को डिनर देंगे। जानकारी है कि हिमाचल में बड़ी जीत की खुशी में विधायकों को वह यह डिनर देने जा रहे हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here