Edited By Kuldeep, Updated: 17 Jun, 2025 07:03 PM

जिला के स्वारघाट के साथ लगते क्षेत्र नालागढ़ धारैल निवासी 50 वर्षीय राम मूर्ति की मधुमक्खियों के हमले के बाद समय पर इलाज न मिलने के कारण मौत हो गई।
बिलासपुर (बंशीधर): जिला के स्वारघाट के साथ लगते क्षेत्र नालागढ़ धारैल निवासी 50 वर्षीय राम मूर्ति की मधुमक्खियों के हमले के बाद समय पर इलाज न मिलने के कारण मौत हो गई। राम मूर्ति गत दिवस खेतों से लौटते समय मधुमक्खियों के झुंड का शिकार हो गए थे। जानकारी के मुताबिक, बीते शाम राम मूर्ति जैसे ही खेतों से लौट रहे थे, रास्ते में अचानक मधुमक्खियों के एक झुंड ने उन पर हमला कर दिया। हमले के कारण वे दर्द से कराहते हुए रास्ते में ही गिर पड़े।
कुछ समय बाद स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें बेसुध हालत में देखा और तत्काल 108 एम्बुलैंस सेवा को सूचित किया। एम्बुलैंस समय पर पहुंच गई और राम मूर्ति को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्वारघाट ले जाया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश वहां पहुंचने पर पता चला कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंद हो चुका है। इलाज न मिलने से उनकी हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर लाया गया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।