हिमाचल में नशा तस्करी के अंतर्राज्यीय नैटवर्क का पर्दाफाश, होटल के कमरे में चिट्टे के साथ 5 युवक गिरफ्तार

Edited By Vijay, Updated: 13 Mar, 2026 01:31 PM

5 youths arrested with heroin in hotel

हिमाचल प्रदेश में लगातार पैर पसार रहे नशे के काले कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में सोलन जिले में पुलिस की स्पैशल इन्वैस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा तस्करी के एक अंतर्राज्यीय नैटवर्क का...

सोलन: हिमाचल प्रदेश में लगातार पैर पसार रहे नशे के काले कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में सोलन जिले में पुलिस की स्पैशल इन्वैस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा तस्करी के एक अंतर्राज्यीय नैटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने सोलन बाईपास स्थित एक होटल में दबिश देकर 5 युवकों को चिट्टे की खेप के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार सोलन एसआईयू की टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान उसे एक गुप्त सूचना मिली कि सोलन बाईपास के समीप स्थित एक निजी होटल में कुछ संदिग्ध युवक ठहरे हुए हैं और उनके पास भारी मात्रा में नशीला पदार्थ है। इस पुख्ता सूचना पर तुरंत संज्ञान लेते हुए एसआईयू की टीम ने एक विशेष रणनीति बनाई और होटल के उस कमरे में अचानक छापेमारी कर दी जहां ये युवक ठहरे हुए थे।

होटल के कमरे में पुलिस की अचानक हुई इस एंट्री से युवकों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जब कमरे और युवकों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से कुल 21.18 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही नशीले पदार्थ को सीज कर पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि पकड़े गए पांच आरोपियों में से 4 युवक पड़ोसी राज्य हरियाणा के रहने वाले हैं, जबकि उनका एक साथी सोलन जिले का ही स्थानीय निवासी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी इस होटल में नशीले पदार्थ की खरीद-फरोख्त और सप्लाई करने के इरादे से ही रुके हुए थे। फिलहाल, सोलन पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें गिरफ्तार कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगालने में जुटी पुलिस
इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस पूरे नेक्सस की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन युवकों के तार किसी बड़े नशा तस्करी नैटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं। पुलिस आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि ये चिट्टे की खेप सोलन में कहां से लाई गई थी और स्थानीय स्तर पर इसे किन-किन लोगों को बेचा जाना था। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स भी खंगाल रही है ताकि बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक को पूरी तरह से तोड़ा जा सके।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!