Solan: बद्दी में जबरन 'डिजिटल डकैती' करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 शातिर चढ़े पुलिस के हत्थे

Edited By Vijay, Updated: 01 Mar, 2026 07:35 PM

gang involved in forced digital robbery busted 5 arrested

औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में राहगीरों से मारपीट कर उन्हें डरा-धमकाकर ऑनलाइन माध्यम से पैसे लूटने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।

बीबीएन (ठाकुर): औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में राहगीरों से मारपीट कर उन्हें डरा-धमकाकर ऑनलाइन माध्यम से पैसे लूटने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस मामले में संलिप्त 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने इसकी पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार हाऊसिंग बोर्ड फेस-1 निवासी रजनीश यादव ने बीते 27 फरवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि वह शाम के समय जब अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। गोल मार्कीट के पास अचानक तीन व्यक्तियों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने न केवल उसका मोबाइल फोन छीना, बल्कि उसके साथ मारपीट भी की। इसके बाद उसे गूगल पे से 23,260 रुपए जबरन अपने और अन्य खातों में ट्रांसफर करवा लिए।

बद्दी पुलिस की साइबर टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए यूपीआई ट्रांजैक्शन की डिजिटल फुटप्रिंटिंग शुरू की। बैंक खातों की ट्रैकिंग और गोल मार्कीट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों की पहचान हो पाई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने भूपेंद्र सिंह निवासी धखडू माजरा, बद्दी, चंदन प्रसाद निवासी गया, (बिहार), गोलू कुमार निवासी गोपालगंज (बिहार), मोहम्मद आफताब और मोहम्मद फरमान निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। ये सभी वर्तमान में बद्दी में ही रह रहे थे।

पुलिस पूछताछ में गिरोह के अपराध करने के तरीके का भी खुलासा हुआ है। आरोपी पहले भोले-भाले कामगारों को जुआ खेलने का प्रलोभन देते थे। जब कोई फंस जाता तो उसे डरा-धमकाकर और मारपीट कर मोबाइल छीन लेते थे और फिर जबरदस्ती ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करवाकर पैसे लूट लेते थे। 

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!