Edited By Vijay, Updated: 01 Mar, 2026 05:56 PM

सोलन जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी जाबली की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
परवाणू (विकास): सोलन जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी जाबली की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने टीटीआर परवाणू के पास नाकाबंदी के दौरान एक कार से 5.70 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने कार सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जाबली पुलिस चौकी की टीम टीटीआर परवाणू पर रूटीन चैकिंग और नाकाबंदी पर मौजूद थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक कार को जांच के लिए रोका गया। जब पुलिस ने कार और उसमें सवार युवकों की तलाशी ली, तो उनके कब्जे से 5.70 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत प्रभाव से मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को अपने कब्जे में ले लिया।
पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सोलन टीएसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। उन्होंने बताया कि जिस वाहन में नशा ले जाया जा रहा था, उसे भी जब्त कर लिया गया है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य नशा तस्करी के इस नैटवर्क को तोड़ना है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी यह चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। क्या इनके तार किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं, इसकी भी जांच की जा रही है, साथ ही पुलिस इन युवकों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि वे पहले भी किसी अपराध में संलिप्त रहे हैं या नहीं।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here