Edited By Vijay, Updated: 08 Feb, 2026 03:33 PM

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुंदरनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने गश्त के दौरान 2 युवकों को 3.293 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
सुंदरनगर (सोढी): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुंदरनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने गश्त के दौरान 2 युवकों को 3.293 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुंदरनगर पुलिस का एक दल फोरलेन पर धनेश्वरी गांव के समीप रूटीन गश्त पर था। इसी दौरान वहां मौजूद 2 युवक पुलिस की टीम को देखकर अचानक घबरा गए और संदिग्ध हरकतें करने लगे। युवकों की घबराहट देख पुलिस को उन पर शक हुआ, जिसके बाद उन्हें रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 3.293 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विक्रम कुमार निवासी गांव व डाकघर खुराहल, तहसील सुंदरनगर और डिंपल निवासी गांव व डाकघर बेरी राजदियां, तहसील सदर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे यह नशा कहां से लाए थे और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।