Edited By Vijay, Updated: 06 Mar, 2026 08:12 PM

शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के अंतर्गत आने वाले भद्राश क्षेत्र के पास मछाड़ा खड्ड में एक हादसा पेश आया। यहां दोस्तों के साथ नहाने उतरे एक 34 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से लापता होने की खबर है।
रामपुर बुशहर (संतोष): शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के अंतर्गत आने वाले भद्राश क्षेत्र के पास मछाड़ा खड्ड में एक हादसा पेश आया। यहां दोस्तों के साथ नहाने उतरे एक 34 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से लापता होने की खबर है। घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार उपतहसील कोटगढ़ के जरोल गांव निवासी अभिषेक रॉयल (34) पुत्र जगदीश रॉयल अपने 5 दोस्तों के साथ शुक्रवार दोपहर के समय मछाड़ा खड्ड में नहाने गया था। स्नान करते समय अचानक पानी के तेज बहाव में अभिषेक का पैर फिसल गया और देखते ही देखते वह गहरे पानी में समा गया। साथ मौजूद दोस्तों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। दोस्तों ने अभिषेक को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वे असफल रहे। गनीमत रही कि अन्य पांचों दोस्त किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए।
हादसे की सूचना तुरंत स्थानीय लोगों और प्रशासन को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को अलर्ट कर दिया है और तलाश अभियान के निर्देश जारी किए हैं। फिलहाल, अभिषेक का शव बरामद नहीं हो सका है। पुलिस और गोताखोरों की मदद से खड्ड के चप्पे-चप्पे को खंगाला जा रहा है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही अभिषेक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजन किसी चमत्कार की उम्मीद कर रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here