Edited By Vijay, Updated: 14 Jun, 2023 09:18 PM

जिला चम्बा के उपमंडल सलूणी की भांदल पंचायत में युवक की हत्या को लेकर बुधवार को क्षेत्रवासियों ने फिर रोष रैली निकाली। इसके बाद चम्बा-लंगेरा मार्ग पर पुलिस थाना किहार के बाहर चक्का जाम कर दिया।
सलूणी (चम्बा) (शक्ति): जिला चम्बा के उपमंडल सलूणी की भांदल पंचायत में युवक की हत्या को लेकर बुधवार को क्षेत्रवासियों ने फिर रोष रैली निकाली। इसके बाद चम्बा-लंगेरा मार्ग पर पुलिस थाना किहार के बाहर चक्का जाम कर दिया। सुबह करीब साढ़े 12 बजे से लेकर 3 बजे तक लोग यहां धरने पर बैठे रहे। इस दौरान सरकार, जिला प्रशासन व पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस थाना के गेट को खोल कर थाने के बीच घुसने का प्रयास भी किया। पुलिस जवान ने उन्हें रोका तो ग्रामीणों व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई।

आरोपी गिरफ्तार न किए तो फिर देंगे धरना
क्षेत्रवासियों की मांग है कि युवक की हत्या में संलिप्त सभी आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार करे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से भी कहा कि अगर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो ग्रामीण वीरवार को 11 बजे फिर थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
यह है मामला
गौर रहे कि जिला चम्बा के उपमंडल सलूणी के भांदल पंचायत के गांव थरोली के मनोहर का एक प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की भनक लड़की के परिजनों को लगी तो उन्होंने युवक को अपने घर बुलाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को क्षत-विक्षत कर बोरी में बांधकर नाले में फैंक दिया था।
अब तक पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने हत्या के मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए अब तक 3 लोगों को गिरफ्तार किया है जोकि 5 दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं। इस मामले में 3 नाबालिगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है जबकि 4 अन्य लोगों को भी बुधवार को हिरासत में लिया है। पुलिस द्वारा मामले संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एसपी अभिषेक यादव ने कहा कि पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस ने रिमांड पर चल रहे आरोपियों से हत्या में इस्तेमाल किए गए कुछ हथियार बरामद किए हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here