Edited By Jyoti M, Updated: 08 Dec, 2025 01:09 PM

शिलाई बाजार में वर्षों से लोगों को परेशान कर रही जाम की समस्या अब काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। एस.डी.एम. शिलाई जसपाल सिंह की पहल और स्थानीय नागरिकों के सक्रिय सहयोग से नाया प्वाइंट से एस.डी.एम. ऑफिस मार्ग होते हुए अस्पताल शिलाई तक एक वैकल्पिक...
पांवटा साहिब, (कपिल): शिलाई बाजार में वर्षों से लोगों को परेशान कर रही जाम की समस्या अब काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। एस.डी.एम. शिलाई जसपाल सिंह की पहल और स्थानीय नागरिकों के सक्रिय सहयोग से नाया प्वाइंट से एस.डी.एम. ऑफिस मार्ग होते हुए अस्पताल शिलाई तक एक वैकल्पिक सड़क मार्ग तैयार कर दिया है। यह कदम शिलाई क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि बाजार के मुख्य मार्ग पर आए दिन लगने वाले जाम से आम जनता, मरीजों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
जानकारी के अनुसार यह मार्ग पुराने समय में लगभग 16 मीटर चौड़ा हुआ करता था, लेकिन बीते वर्षों में बढते अतिक्रमण और रखरखाव की कमी के कारण केवल 3-4 फुट तक रह गया था। इसके बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर मार्ग की सफाई, समतलीकरण और मुरम्मत का कार्य पूरा किया। रविवार सुबह वैकल्पिक रास्ते पर कार चलाकर इसका सफल परीक्षण भी किया गया।
महासू महाराज यात्रा से पहले प्रशासन की बड़ी तैयारी
14 दिसम्बर को हिमाचल व उत्तराखंड के आराध्य देव चालदा महासू महाराज की यात्रा शिलाई बाजार से होकर पशमी की ओर जाएगी। इस यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में यह वैकल्पिक मार्ग न केवल श्रद्धालुओं की भीड़ प्रबंधन में मदद करेगा, बल्कि आपातकालीन स्थितियों में तेजी से आवाजाही सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
एस.डी.एम. शिलाई जसपाल सिंह ने कहा कि शिलाई बाजार में जाम की समस्या को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, परंतु स्थायी समाधान नहीं मिल सका था। बिना किसी विशेष बजट के केवल जनसहयोग के आधार पर यह कार्य पूरा किया गया। इससे न केवल यातायात दबाव कम होगा, बल्कि एम्बुलैंस व अन्य जरूरी वाहनों की आवाजाही भी सुचारू रूप से हो सकेगी। उन्होंने स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों का विशेष धन्यवाद भी किया।