Edited By Vijay, Updated: 11 Feb, 2026 04:19 PM

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांवटा साहिब में 243.59 ग्राम अफीम बरामद की है।
पांवटा साहिब (कपिल): हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांवटा साहिब में 243.59 ग्राम अफीम बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि पांवटा साहिब के बेहड़ेवाला रोड पर बाइक सवार तीन युवक अफीम बेचने का धंधा कर रहे हैं। सूचना पुख्ता होते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। पुलिस की गाड़ी को अपनी ओर आता देख तीनों युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने पीछा कर उनमें से 2 युवकाें को दबोच लिया।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान चरणजीत सिंह और सूरज के रूप में हुई है। ये दोनों शुभखेड़ा, संगत गुरुद्वारा बांगरण रोड, पांवटा साहिब के निवासी बताए गए हैं। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 243.59 ग्राम अफीम बरामद हुई। वहीं, इनका तीसरा साथी हरपाल सिंह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है, ताकि नशे के इस नैटवर्क से जुड़ी अन्य कड़ियों का पता लगाया जा सके। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।