Edited By Vijay, Updated: 17 Feb, 2026 03:49 PM

हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बिलासपुर पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है।
बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बिलासपुर पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। थाना सदर पुलिस की टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान एक टैक्सी चालक को चिट्टे के साथ धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.90 ग्राम चिट्टा बरामद कर उसे हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सदर थाना पुलिस की एक टीम ने गश्त और रूटीन चैकिंग के दौरान कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर स्थित पट्टा नामक स्थान पर नाका लगाया हुआ था। पुलिस टीम वहां से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक टैक्सी (एचपी 01बी-1765) वहां पहुंची। पुलिस ने संदेह के आधार पर उक्त टैक्सी को निरीक्षण के लिए रोका। गाड़ी रोकने के बाद जब पुलिस ने टैक्सी और चालक की तलाशी ली तो इस दाैरान 2.90 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी टैक्सी चालक की पहचान सुधीर कुमार के रूप में हुई है। सुधीर कुमार बिलासपुर जिले की तहसील सदर के पंजगाईं गांव का निवासी बताया जा रहा है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी सुधीर कुमार के खिलाफ थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई करने की फिराक में था।