Edited By Vijay, Updated: 10 Feb, 2026 03:26 PM

जिला पुलिस की सदर थाना टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाकेबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को 3.15 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।
बिलासपुर (बंशीधर): जिला पुलिस की सदर थाना टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाकेबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को 3.15 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार गत शाम सदर थाना पुलिस ने पट्टा के समीप फोरलेन पर विशेष नाका लगाया था। इस दौरान वहां से गुजरने वाले वाहनों की सघन चैकिंग की जा रही थी। तभी एक मोटरसाइकिल (HP 17D-0692) पर सवार दो युवक वहां पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने संदेह के आधार पर निरीक्षण के लिए रोका। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों को हिरासत में ले लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय दिनेश कुमार निवासी तरामडी, दयोथ और 25 वर्षीय विकास कुमार ठाकुर निवासी मझेड, दयोथ के रूप में हुई है। ये दोनों युवक सदर तहसील के ही रहने वाले हैं।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लाए थे और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। मामले की आगामी जांच जारी है।