Edited By Kuldeep, Updated: 19 Mar, 2026 09:37 PM

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम ने करवट बदली है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में वीरवार को हुई बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के कारण पूरे प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है।
शिमला (संतोष): पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम ने करवट बदली है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में वीरवार को हुई बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के कारण पूरे प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। शिमला में सुबह से ही बारिश की झड़ी लगी रही, जिसका क्रम देर शाम तक भी जारी रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सैल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे यह सामान्य से 7.5 डिग्री सैल्सियस नीचे पहुंच गया है। राज्य के विभिन्न जिलों में मध्यम से तेज वर्षा व ऊंची चोटियों पर बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है।
गोंदला में 13, केलांग में 12, कुकुमसेरी में 11.4, हंसा में 10, कल्पा में 0.4 सैंटीमीटर हिमपात हुआ है। मनाली में 53, तीसा में 33, सराहन में 32.5, सेओबाग में 32.4, जोत में 27, भुंतर में 26.5, सलूणी में 23.3, निचार व कल्पा में 19-19, भरमौर में 17, धर्मशाला में 15.3, भटियात में 13.4, बंजार में 12.2, सांगला में 10.8, जोगिंद्रनगर में 10, रामपुर में 8.2, छतराड़ी में 6.9, पालमपुर में 6.6, कांगड़ा में 6.5, कुमारसैन में 5.6 मिलीमीटरा वर्षा हुई। शिमला में मेघ गर्जना हुई, जबकि नेरी में 43 व सेओबाग में 41 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, वहीं मंडी में हल्की धुंध भी छाई।
अभी खराब रहेगा मौसम, चलेंगी हवाएं
हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम के तेवर तल्ख बने रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 20 मार्च को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की प्रबल संभावना है और इसके साथ ही कहीं-कहीं पर भारी बारिश व बर्फबारी, बिजली के साथ गरज व 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से झोंके चलने का ऑरैंज अलर्ट जारी किया गया। इसके बाद भी राहत मिलने की उम्मीद कम है। 21 व 22 मार्च और फिर 24 व 25 मार्च को प्रदेश के कुछ स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है।
23 मार्च को कहीं-कहीं तड़ित के साथ गर्जन व तेज हवाएं चलने का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। आगामी 2 दिनों तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे ठंड का अहसास बना रहेगा। 48 घंटों के बाद मौसम में सुधार होने के साथ ही तापमान में बढ़ौतरी शुरू होगी। अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सैल्सियस और अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सैल्सियस तक का उछाल देखने को मिल सकता है।