Weather Update: हिमाचल की चोटियों पर बर्फबारी, यैलो व ऑरैंज अलर्ट के साथ इस दिन तक खराब रहेगा मौसम

Edited By Kuldeep, Updated: 15 Mar, 2026 07:00 PM

shimla weather cold

हिमाचल में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से जहां ऊंचे इलाकों में बर्फ के फाहे गिरे, वहीं राजधानी शिमला में ओलावृष्टि व बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है।

शिमला (संतोष): हिमाचल में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से जहां ऊंचे इलाकों में बर्फ के फाहे गिरे, वहीं राजधानी शिमला में ओलावृष्टि व बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते आगामी 21 मार्च तक पूरे प्रदेश में मौसम के मिजाज बिगड़े रहने के आसार हैं। ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में ओलावृष्टि से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम ने करवट बदली। रोहतांग दर्रा सहित 4 प्रमुख दर्रों में ताजा हल्की बर्फबारी हुई है। शिंकुला, बारालाचा और कुंजम दर्राें में फाहे गिरने से कड़ाके की ठंड लौट आई है।

जानकारी के अनुसार हिमाचल में लंबे समय से चल रहा सूखे जैसा मौसम खत्म हो गया है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा की ऊंची चोटियों पर रुक-रुक कर बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। अटल टनल रोहतांग में भी बर्फबारी हुई है, जिससे अटल टनल के आगे वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा है। कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई है। किसानों के लिए यह बारिश राहत की बात है।

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से आया है। इसके असर से ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बादल व बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। रविवार को ताबो में न्यूनतम तापमान 1.4, कुकुमसेरी में 4.4, कल्पा में 3, शिमला में 9.6 व ऊना में 12.4 डिग्री रहा है। अधिकतम तापमान नाहन में 28.7, ऊना में 23.4 और शिमला में 17.2 डिग्री रहा। शिमला में 6 मिलीमीटर, सुंदरनगर में 5, भुंतर में 12, कल्पा में 1.8, धर्मशाला में 3, ऊना में 1.8, सोलन में 6.4, मनाली में 8, कांगड़ा में 2, मंडी में 8, जुब्बड़हट्टी में 1, कुफरी में 7 और नेरी में 1.5 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई है।

यैलो व ऑरैंज अलर्ट के साथ 21 तक खराब रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, बारिश और बिजली कड़कने की संभावनाओं के साथ यैलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 17 मार्च को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब बना रह सकता है। इसके बाद 18 और 19 मार्च को फिर से कई इलाकों में आंधी और बिजली कड़कने की संभावना जताई गई है। 19 मार्च को कुल्लू, शिमला, सोलन व सिरमौर में ऑरैंज अलर्ट और किन्नौर व लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य 7 जिलों में यैलो अलर्ट जारी किया गया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!