Weather Updates: 7 अक्तूबर तक बारिश व तेज हवाओं का अलर्ट, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी

Edited By Kuldeep, Updated: 05 Oct, 2025 06:47 PM

shimla weather bad

हिमाचल में मानसून खत्म होने के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। प्रदेश में बारिश व तेज ठंडी हवाओं के चलने का दौर शुरू हो गया है।

शिमला (राजेश): हिमाचल में मानसून खत्म होने के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। प्रदेश में बारिश व तेज ठंडी हवाओं के चलने का दौर शुरू हो गया है। वहीं प्रदेश के ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है, जबकि मैदानी और मध्यवर्ती क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। कुल्लू जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली की पहाड़ियों और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दोपहर तक बर्फबारी का दौर चला। रोहतांग दर्रे, मढ़ी और अटल टनल के आसपास बर्फ की परत जम गई।

इससे मनाली से रोहतांग मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इसके साथ ही लाहौल घाटी, किन्नौर और स्पीति के ऊंचे इलाकों में भी ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। मौसम के बदलते ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। शिमला में रविवार सुबह तेज बारिश और आंधी चली। वहीं हमीरपुर, सोलन, मंडी, सिरमौर, कांगड़ा और बिलासपुर जिलों में भी गर्जन और तेज हवाओं के साथ वर्षा हुई। हालांकि दिन के समय शिमला में धूप निकल आई।

प्रदेश में औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री गिरा
मौसम विभाग के अनुसार राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री नीचे चला गया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से डेढ़ डिग्री कम है। लाहौल-स्पीति का ताबो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 3.1 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड हुआ। केलंग में 3.6, कल्पा और कुकुमसेरी में 6.2, डल्हौजी में 8.6, नारकंडा में 10 और रिकांगपिओ में 10.7 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

कई जिलों के लिए बारिश व तेज हवाएं चलने का अलर्ट
मौसम विभाग ने 7 अक्तूबर तक हिमाचल के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों यानी 6 अक्तूबर को चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू व मंडी जिलों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का ऑरैंज अलर्ट जारी किया है, जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला, सोलन, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में यैलो अलर्ट जारी किया गया है।

7 अक्तूबर को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू व मंडी जिलों में भारी वर्षा, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का यैलो अलर्ट रहेगा। 8 अक्तूबर को भी मौसम खराब रहेगा, लेकिन इस दिन कोई अलर्ट व चेतावनी नहीं दी गई है। 9 से 11 अक्तूबर तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!