Shimla: नड्डा के अभिनंदन समारोह में गरजे भाजपा नेता, राधे-राधे के स्वर गूंजे

Edited By Kuldeep, Updated: 13 Dec, 2025 07:39 PM

shimla nadda felicitation ceremony

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के अभिनंदन समारोह को हिमाचल प्रदेश भाजपा के नेताओं ने संबोधित किया।

शिमला (हैडली): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के अभिनंदन समारोह को हिमाचल प्रदेश भाजपा के नेताओं ने संबोधित किया। उनके आगमन और कार्यक्रम के बीच में राधे-राधे के स्वर भी गूंजे। अभिनंदन समारोह के बाद नड्डा रिज पर भी घूमने के बाद राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से शिष्टाचार भेंट करने के लिए लोक भवन पहुंचे। उन्होंने इस दौरान राज्यपाल का कुशलक्षेम जाना और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने आपदाग्रस्त मंडी को ही 3 साल के जश्न के लिए चुना तथा इसके ऊपर 10 करोड़ रुपए खर्च किए।

उन्होंने कहा कि बिहार की जीत के बाद देश में बड़ा संदेश गया है, जो पार्टी को आगे ले जाने के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि जिस आपदा की आड़ में सरकार ने पंचायत चुनाव स्थगित कर दिए, वहां पर सरकार जश्न मनाने से पीछे नहीं हट रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में कांग्रेस तो बोलैरो गाड़ी में फिट हो गई व हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री की पसंदीदा कार अल्टो में फिट बैठ जाएगी।

संजौली में अवैध मस्जिद गिराने को भी संघर्ष करना पड़ा : अनुराग
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज तमिलनाडु में दीप जलाने व संजौली में अवैध मस्जिद गिराने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने 350 करोड़ रुपए का कर्ज लेकर 3 साल का जश्न मनाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर कर्ज का बोझ 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपए से ऊपर पहुंच गया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2026 में कांग्रेस देश में राहुल गांधी के नेतृत्व में हार का शतक लगाने जा रही है, जबकि भाजपा की जीत का सिलसिला लगातार बना हुआ है। उन्होंने कहा कि आज सरकार खाओ, पीओ और मौज करो के सिद्धांत पर रिवर्स गियर पर चल रही है।

मंडी ले गए 1,000 बसें, आधी खाली-आधी भरीं : बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि सरकार मंडी में जश्न मनाने के लिए 1,000 बसें ले गई, जिसमें आधी बसें खाली और आधी भरी थीं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कम से कम 60 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में देश के बाद बिहार से भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ हुआ है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि मंडी में कांग्रेस नेताओं ने तो जूतों में दाल परोसी।

सत्ती-कश्यप-कटवाल ने भी सांझा किया मंच
भाजपा के 2 पूर्व अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती और सुरेश कश्यप के साथ प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने भी मंच को सांझा किया। दोनों पूर्व अध्यक्षों ने जहां प्रदेश सरकार पर निशाना साधा, वहीं प्रदेश महामंत्री ने मंच संचालन के दायित्व को निभाया। इस दौरान ढोल-नगाढ़ों की गूंज भी सुनाई दी गई तथा नड्डा ने खुली गाड़ी में उपस्थित लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

कंगना व हर्ष महाजन की गैर मौजूदगी
कंगना रनौत एवं हर्ष महाजन को छोड़कर सभी सांसद मौजूद रहे। भाजपा विधायक दल और प्रदेश पदाधिकारी भी अभिनंदन समारोह में मौजूद थे।

नड्डा को सौंपा धनुष पर संधान किया तीर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को प्रतीकात्मक रूप से धनुष पर संधान किए हुए तीर को सौंपा। उनको यह अभिनंदन समारोह में जीत के प्रतीक के रूप में सौंपा गया।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!