Edited By Kuldeep, Updated: 21 Jul, 2025 09:42 PM

मानसून की वर्षा के कारण प्राकृतिक आपदा के दंश को झेल रहे हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार से विशेष आपदा राहत पैकेज की उम्मीद है।
शिमला (कुलदीप): मानसून की वर्षा के कारण प्राकृतिक आपदा के दंश को झेल रहे हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार से विशेष आपदा राहत पैकेज की उम्मीद है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश से भाजपा के सभी सातों सांसदों (4 लोकसभा व 3 राज्यसभा) से सोमवार से शुरू हुए संसद के मानसून सत्र में हिमाचल प्रदेश की आवाज को उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने इस दौरान सांसदों से केंद्र सरकार से विशेष आपदा राहत पैकेज देने का मुद्दा उठाने की मांग की।
उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेश के सांसदों से यह अपील की है। उन्होंने अपील कि किसी राज्य की दुख व पीड़ा में पूरे देश को उसके साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते सांसदों को इस विषय को उठाना चाहिए, साथ ही बार-बार आने वाली आपदाओं के कारण जानने और उसे रोकने के लिए एक ठोस पहल पर भी चर्चा करनी चाहिए।