Shimla: हिमाचल में सीजन की बीती दूसरी सबसे ठंडी रात, राज्य में ठंड और कोहरे की मार

Edited By Vijay, Updated: 27 Nov, 2025 08:57 PM

himachal pradesh experienced its second coldest night of the season with cold a

राज्य में धूप खिलने के बावजूद ठंड का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। इस मर्तबा लाहौल-स्पीति के ताबो में दूसरी सबसे ठंडी रात बीती है।

शिमला (संतोष): राज्य में धूप खिलने के बावजूद ठंड का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। इस मर्तबा लाहौल-स्पीति के ताबो में दूसरी सबसे ठंडी रात बीती है। यहां का न्यूनतम तापमान माइनस 7.3 डिग्री रहा, जबकि 13 नवम्बर को यहां का न्यूनतम तापमान माइनस 7.4 डिग्री रहा था। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 5.7 डिग्री रहा, जबकि केलांग का पारा भी शून्य से नीचे माइनस में चला हुआ है। इन इलाकों में पाइप लाइनें व जलस्रोत जमने लगे हैं और सुबह-शाम लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। राज्य के अन्य हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप देखा जा रहा है। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 0.4, भुंतर में 1.8 डिग्री, मनाली में 1.7 डिग्री और सेओबाग में 1.2, सुंदरनगर का न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री, पालमपुर 4 डिग्री, नारकंडा 4.5 डिग्री, बरमौर 4.7 डिग्री, हमीरपुर 5.1 डिग्री, सराहन 5.1 डिग्री, मंडी 5.2 डिग्री, कांगड़ा 5.5 डिग्री, शिमला 6.0 डिग्री, देहरागोपीपुर 7 डिग्री, बिलासपुर व जुब्बड़हट्टी 7.5, कसौली 8.1, नाहन 9.6, नेरी 10.5 और पांवटा साहब का 11 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। कुफरी, नारकंडा और मनाली जैसे पर्यटन स्थलों में कड़ाके की ठंड से पर्यटक भी ठिठुर रहे हैं और शाम ढलते ही तापमान तेजी से गिर रहा है। राजधानी शिमला में भी सुबह-शाम व रात को भयंकर सर्दी पड़ रही है, जिससे लोगों को गर्म कपड़े और हीटरों का सहारा लेना पड़ रहा है।

अधिकतम तापमान की बात करें तो धूप खिलने के बावजूद अधिकतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है। वीरवार को ऊना में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री, जबकि राजधानी शिमला में 17.4 डिग्री रहा। नवम्बर माह में पहले ही 93 फीसदी कम वर्षा हुई है और अभी तक औसतन 17.1 मिलीमीटर वर्षा होती थी, लेकिन मात्र 1.2 मिलीमीटर ही मेघ बरसे हैं। ऐसे में राज्य में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है और कोहरे ने मैदानी व निचले इलाकों में जनजीवन पर असर डाला है। गुरुवार सुबह राज्य के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते यातायात प्रभावित हुआ और दृश्यता बेहद कम हो गई। सुंदरनगर में दृश्यता केवल 70 मीटर, जबकि बिलासपुर और मंडी में 150 मीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों 28 और 29 नवम्बर के लिए बिलासपुर व मंडी जिलों में सुबह और शाम घने कोहरे का यैलो अलर्ट जारी किया है।

3 दिसम्बर तक पूरी तरह से साफ बना रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते यानि 3 दिसम्बर तक मौसम साफ रहने के आसार जताए हैं। वीरवार को प्रदेश में मौसम साफ बना रहा, जबकि निचले क्षेत्रों सुंदरनगर, मंडी और बिलासपुर में दोपहर तक घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल सक्रिय नहीं है और अगले 7 दिनों तक प्रदेश में बारिश या बर्फबारी के कोई संकेत नहीं हैं। ऐसे में दिन के समय धूप खिलने की उम्मीद है, लेकिन सुबह और शाम ठंड और कोहरे की मार से राहत मिलती नहीं दिख रही है। सूखी ठंड के चलते लोग बुखार, खांसी-जुकाम व सांस संबंधी रोगों से भी जूझ रहे हैं तथा स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। कोहरे की वजह से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ने पर पुलिस ने वाहन चालकों को गति नियंत्रण में रखने और हैडलाइट-फॉग लैंप का उपयोग करने की अपील की है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!