Edited By Kuldeep, Updated: 02 Sep, 2023 11:03 PM

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार आपदा में अनेक जगहों पर पात्र लोगों की कम व अपात्र की अधिक मदद करके पाप कर रही है।
शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार आपदा में अनेक जगहों पर पात्र लोगों की कम व अपात्र की अधिक मदद करके पाप कर रही है। उन्होंने कहा कि जिंदगी भर इस पाप की तृप्ति नहीं हो सकती। जयराम ठाकुर यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 9 माह का समय बीत जाने पर भी संस्थान बंद करने का सिलसिला थमा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में खोले सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी पर राजनीति हो रही है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि एक तरफ सरकार वित्तीय संकट का रोना रो रही है, वहीं दूसरी तरफ सी.पी.एस. से लेकर सलाहकार व ओ.एस.डी. की फौज खड़ी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मंत्री आपदा में भी राजनीति कर रहे हैं तथा सड़कें खोलने के लिए भाजपा नेताओं की तरफ से मुफ्त में उपलब्ध करवाई जाने वाली जे.सी.बी. लगाने से भी इंकार किया जा रहा है।
वायरल पत्र पर विधायक की भूमिका से इन्कार
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया में वायरल पत्र पर अपनी पार्टी के विधायक की भूमिका से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि यह पत्र डाक से उन तक पहुंचा था तथा जांच पूरी होने तक किसी का इस पर टिप्पणी करना सही नहीं है।
हिमाचल में हजारों लोग बिना घर के
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आपदा के कारण आज हिमाचल प्रदेश में हजारों लोग बिना घर के हैं। ऐसे में सरकार को उनके लिए आवास उपलब्ध करवाना चाहिए। जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। केंद्र सरकार से और वित्तीय मदद उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है।