Edited By Jyoti M, Updated: 25 Feb, 2026 01:35 PM

हिमाचल के शांत माने जाने वाले मंडी जिले में एक सनसनीखेज वारदात ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। उपमंडल जोगेंद्रनगर के आरठी गांव के पास एक 40 वर्षीय महिला का शव बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है।
जोगेंद्रनगर (मंडी): हिमाचल के शांत माने जाने वाले मंडी जिले में एक सनसनीखेज वारदात ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। उपमंडल जोगेंद्रनगर के आरठी गांव के पास एक 40 वर्षीय महिला का शव बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। जिस स्थान पर लाश मिली, वहां के हालात किसी अनहोनी की ओर इशारा कर रहे हैं, जिससे इलाके में दहशत और चर्चाओं का बाजार गर्म है।
क्या है पूरा मामला?
मृतका की पहचान भजेरा निवासी मणि देवी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, मणि देवी पिछले कुछ समय से शहर के पास ही आरठी गांव में रुकी हुई थी। बीती रात अप्पर गरोडू के पास झाड़ियों में उनका बेजान शरीर मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मंडी के पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार खुद दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
जांच के मुख्य बिंदु और पुलिसिया कार्रवाई:
पुलिस इस मामले को केवल एक साधारण मौत मानकर नहीं चल रही है। शुरुआती कयास लगाए जा रहे हैं कि महिला को पास ही स्थित एक इमारत से धक्का दिया गया हो सकता है। शरीर पर चोट के निशान और शव की स्थिति इस आशंका को बल दे रही है।
घटनास्थल पर साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ न हो, इसके लिए फोरेंसिक टीम ने बारीकी से नमूने इकट्ठे किए हैं। बताया जा रहा है कि मणि देवी शादीशुदा थीं और उनके पति काफी समय से अस्वस्थ चल रहे हैं। पुलिस अब उनके पारिवारिक संबंधों और हालिया संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।
"पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार"
पुलिस ने स्थानीय निवासियों और गवाहों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि महिला की अंतिम गतिविधियों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने स्पष्ट किया है कि हालांकि मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।