Shimla: शिपकी ला के रास्ते व्यापार फिर से शुरू करे केंद्र सरकार : मुख्यमंत्री

Edited By Kuldeep, Updated: 14 Nov, 2025 10:46 PM

rampur bushahr shipki la road started central government

उपमंडल रामपुर बुशहर में 4 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घोषणा की कि पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर में अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई पाठयक्रम आरम्भ किया...

रामपुर बुशहर (नोगल): उपमंडल रामपुर बुशहर में 4 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घोषणा की कि पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर में अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई पाठयक्रम आरम्भ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से शिपकी ला के रास्ते व्यापार फिर से शुरू करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि शिपकी ला के रास्ते कैलाश मानसरोवर यात्रा शुरू करने पर भी बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि रामपुर बुशहर व जिला किन्नौर के पूह दर्रे तक मौजूदा सड़क मार्ग से तीर्थयात्रा के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित करना आसान होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने स्वयं शिपकी ला से सीमा पर्यटन की शुरूआत की थी और इसके परिणामस्वरूप 70,000 से अधिक पर्यटक चीन सीमा के पास हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत घाटियों का भ्रमण कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पहलों से रामपुर क्षेत्र और किन्नौर जिले व आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को महत्वपूर्ण लाभ होगा। लवी मेले की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि यह मेला न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, बल्कि भारत और तिब्बत के बीच सदियों पुराने व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों का जीवंत उदाहरण भी है। उन्होंने कहा कि सदियों पुराना यह मेला व्यापार, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोक परंपराओं के संरक्षण का वाहक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर क्षेत्र में गुणात्मक सुधार ला रही है। शिक्षा में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अब गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में 5वें स्थान पर पहुंच गया है, जबकि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में यह 21वें स्थान पर था। प्रदेश सरकार ने पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम शुरू किया और स्कूलों का युक्तिकरण भी किया जा रहा हैै।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रामपुर आगमन पर मुख्यमंत्री का किया स्वागत
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रामपुर आगमन पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया और कहा कि 17वीं शताब्दी में शुरू हुआ यह मेला अपनी मूल भावना को बनाए रखते हुए निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बदलते समय में युवा पीढ़ी को मेले से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि रामपुर बुशहर के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और मुख्यमंत्री के सहयोग से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि रामपुर ब्लॉक में 13 सड़कों के लिए 120 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि मानसून के दौरान राज्य को भारी नुक्सान हुआ है और पहली बार पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के लिए मुआवजे की राशि 1.30 लाख रुपए से बढ़ाकर 7 लाख रुपए कर दी गई है, जोकि 4 गुना वृद्धि है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी और आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की मुरम्मत का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।

लवी मेले का सदियों पुराना इतिहास
राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल ने कहा कि लवी मेले का सदियों पुराना इतिहास रहा है और यह व्यापार पर केंद्रित है। समय के साथ इसका स्वरूप विकसित हुआ है और इसमें नए आयाम जुड़े हैं। वर्तमान में यहां लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए 3 दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों को 2023, 2024 व 2025 में विशेष राहत पैकेज प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक किशोरी लाल, हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, मिल्कफैड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, एपीएमसी शिमला के अध्यक्ष देवानंद वर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी, नगर परिषद रामपुर की अध्यक्षा मुस्कान और अन्य गण्यमान्य लोग भी उपस्थित थे।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!