हिमाचल में एंट्री टैक्स के विरोध में पंजाब-हिमाचल बॉर्डर पर चक्का जाम, प्रदर्शनकारी बोले-ये सुक्खू सरकार नहीं...

Edited By Vijay, Updated: 02 Apr, 2026 02:22 PM

punjab himachal border jam in protest against entry tax in himachal

हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा बाहरी राज्यों के वाहनों पर लगाए गए भारी प्रवेश शुल्क के विरोध में आज पंजाब-हिमाचल सीमा पर भारी हंगामा हुआ। सुबह करीब 11:30 बजे पंजाब के विभिन्न संगठनों, टैक्सी यूनियनों, समाजसेवियों और स्थानीय नेताओं ने पंजाब के एंट्री...

सारपुर टैरस (अरविंद): हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा बाहरी राज्यों के वाहनों पर लगाए गए भारी प्रवेश शुल्क के विरोध में आज पंजाब-हिमाचल सीमा पर भारी हंगामा हुआ। सुबह करीब 11:30 बजे पंजाब के विभिन्न संगठनों, टैक्सी यूनियनों, समाजसेवियों और स्थानीय नेताओं ने पंजाब के एंट्री पॉइंट पर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही रोक दी। करीब एक घंटे तक चले इस चक्का जाम के कारण सीमा के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

गुंडा टैक्स बताकर सरकार पर साधा निशाना
विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हिमाचल सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने बढ़े हुए शुल्क को गुंडा टैक्स करार देते हुए कहा कि यह फैसला दोनों राज्यों के लोगों के आपसी भाईचारे को खत्म कर रहा है। सरकार पर तीखा तंज कसते हुए लोगों ने कहा कि यह सुक्खू सरकार नहीं, बल्कि दुक्खू और अब भुक्खू  सरकार बन गई है, जो गरीब जनता की जेबें काट रही है।

PunjabKesari

सांकेतिक था धरना, मांगें न मानने पर होगा पूर्ण चक्का जाम
धरने में मौजूद तलवाड़ा के पार्षद परविंदर, समाजसेवी अंकित राणा, टैक्सी यूनियन के प्रधान दीपक और राजा ने कंडी व सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों की मौजूदगी में हिमाचल सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि आज का यह धरना केवल सांकेतिक था। अगर हिमाचल सरकार इस अनुचित टैक्स को तुरंत वापस नहीं लेती है, तो भविष्य में अनिश्चितकालीन चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर हिमाचल सरकार अपना फैसला नहीं बदलती है, तो वे पंजाब सरकार से मांग करेंगे कि पंजाब में प्रवेश करने वाली हिमाचल की गाड़ियों पर भी इसी तरह का प्रवेश शुल्क लगाया जाए।

टोल वसूली में मनमानी का आरोप
समाजसेवी अंकित राणा ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि टोल वसूली में भारी विसंगतियां हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि संसारपुर टैरस बैरियर पर एक छोटी गाड़ी की पर्ची 100 रुपए काटी गई, जबकि उसी दिन 52 गेट पर उसी गाड़ी से 130 रुपए वसूल लिए गए। राणा ने आरोप लगाया कि हिमाचल के मुख्यमंत्री ने हाल ही में बयान दिया था कि बढ़े हुए शुल्क वापस ले लिए गए हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया जाम
अचानक लगे इस जाम के कारण एक घंटे तक आम जनता और यात्री सड़क पर फंसे रहे। स्थिति की सूचना मिलने के बाद पंजाब की तलवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। दूसरी ओर हिमाचल की सीमा में संसारपुर टैरस के थाना प्रभारी संजय शर्मा ने अपनी पुलिस टीम के साथ मुस्तैदी दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रण में रखा और कानून व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!