Edited By Vijay, Updated: 22 Jun, 2023 07:45 PM

मनोहर के परिवार से मिलने भांदल जा रहे देवभूमि क्षत्रिय संगठन स्वर्ण मोर्चा प्रमुख रुमित सिंह ठाकुर व कार्यकर्ताओं को पुलिस ने चौहड़ा में रोक दिया। संगठन के कार्यकर्ता भांदल जाने पर अड़े रहे लेकिन पुलिस ने धारा-144 का हवाला देकर उन्हें आगे जाने की...
चम्बा (काकू चौहान): मनोहर के परिवार से मिलने भांदल जा रहे देवभूमि क्षत्रिय संगठन स्वर्ण मोर्चा प्रमुख रुमित सिंह ठाकुर व कार्यकर्ताओं को पुलिस ने चौहड़ा में रोक दिया। संगठन के कार्यकर्ता भांदल जाने पर अड़े रहे लेकिन पुलिस ने धारा-144 का हवाला देकर उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी। इसके चलते काफी देर तक पुलिस व कार्यकर्ताओं में तनातनी का माहौल रहा। इस दौरान रुमित सिंह ठाकुर ने पुलिस से कई सवालों के जवाब भी मांगे। उन्होंने कहा कि पुलिस अगर इस मामले की निष्पक्ष जांच करती तो लोगों को अपने घरों से निकलने की आवश्यकता नहीं पड़ती। पुलिस द्वारा मामले में उचित जांच न किए जाने के कारण ही आज वह इतनी दूर से यहां पहुंचे हैं। रुमित ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने मनोहर हत्याकांड में गिरफ्तार किए गए लोगों की जानकारी सांझा तक नहीं की। पुलिस जब किसी एक चोर को पकड़ती है तो उसकी जानकारी मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक कर देती है लेकिन इस मामले की कोई जानकारी नहीं दी गई। युवक के शरीर के 8 टुकड़े कर दिए लेकिन कितने आरोपियों को और कब पकड़ा लोगों को कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है।

कार्यकर्ताओं ने दिया धरना
एसपी अभिषेक यादव ने कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बाद कुछ समय के लिए देवभूमि क्षत्रिय संगठन स्वर्ण मोर्चा के कार्यकर्ता यहां धरने पर बैठे रहे। बाद में पुलिस के आग्रह पर पुलिस द्वारा तय तिथि को ही मनोहर के परिजनों से मिलने का निर्णय लिया गया। रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस को एक ज्ञापन दिया गया, जिसमें मांग की है कि मनोहर हत्याकांड मामले में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई को सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन के सभी कार्यकर्ता जल्द मनोहर के परिजनों से मिलेंगे। उन्हें आर्थिक व हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
रुमित ठाकुर ने दी थी धारा-144 तोड़ने की धमकी
गौर रहे रुमित सिंह ठाकुर ने धारा-144 तोड़ने की धमकी दी थी। इसको देखते हुए पुलिस अलर्ट हो गई थी और वीरवार को सुबह ही बाथरी-कोटी-लंगेरा मार्ग पर चोहड़ा में काफी पुलिस बल तैनात कर दिया था। एसपी अभिषेक यादव खुद मौके पर तैनात रहे।
पुलिस निष्पक्षता से कर रही जांच, लोग आदेशों का पालन करें : एसपी
उधर, एसपी अभिषेक यादव ने आश्वस्त किया है कि पुलिस इस संबंध में निष्पक्षता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि सलूणी में धारा-144 लागू होने के कारण 6 से अधिक लोगों को एकत्रित होने की अनुमति नहीं है। पुलिस क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था को बनाए रखे हुए है। लोग आदेशों का पालन करें।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here