Edited By Jyoti M, Updated: 16 Mar, 2026 05:32 PM

'पहाड़ों की रानी' शिमला में सोमवार को प्रकृति का एक अद्भुत और डरावना नजारा देखने को मिला। दोपहर के समय अचानक मौसम ने ऐसी करवट ली कि पूरे शहर में घने बादलों के कारण दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया। स्थिति ऐसी थी कि दोपहर में ही दुकानदारों और...
हिमाचल डेस्क। 'पहाड़ों की रानी' शिमला में सोमवार को प्रकृति का एक अद्भुत और डरावना नजारा देखने को मिला। दोपहर के समय अचानक मौसम ने ऐसी करवट ली कि पूरे शहर में घने बादलों के कारण दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया। स्थिति ऐसी थी कि दोपहर में ही दुकानदारों और स्थानीय लोगों को लाइटें जलानी पड़ीं।
बर्फबारी और ओलावृष्टि का दौर
पिछले 24 घंटों से हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। शिमला के ऊपरी इलाकों जैसे नारकंडा, रोहड़ू और कोटखाई में ताजा हिमपात दर्ज किया गया है, जबकि कुफरी में भारी ओलावृष्टि हुई। मौसम विभाग के अनुसार, शिलारू में लगभग 1.5 सेंटीमीटर बर्फ गिरी है। संजौली के निवासियों का कहना है कि अचानक बढ़ी ठंड के कारण लोगों को दोबारा हीटर और गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं।
तूफान और बारिश का अलर्ट
शिमला, कुफरी और जुब्बड़हटी में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चला। चंबा और सिरमौर जिलों में सर्वाधिक 30 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है। अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री और अधिकतम तापमान में 5 डिग्री तक की कमी आने की संभावना है।
आगामी चेतावनी
मौसम विभाग ने 19 मार्च के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है और 20 मार्च तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को खराब मौसम के दौरान पहाड़ी रास्तों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।