Una: पंचायत सचिव का खौफनाक कदम, घर के बाहर बने शैड में फंदे से लटका मिला शव; 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Edited By Vijay, Updated: 13 Mar, 2026 04:27 PM

panchayat secretary commits suicide

पुलिस थाना अम्ब के अंतर्गत ग्राम पंचायत लोअर अंदौरा के वार्ड नंबर-3 में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक 48 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

अम्ब (अश्विनी): पुलिस थाना अम्ब के अंतर्गत ग्राम पंचायत लोअर अंदौरा के वार्ड नंबर-3 में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक 48 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान बुद्धि प्रकाश (48) पुत्र कालीदास, निवासी लोअर अंदौरा के रूप में हुई है जोकि गगरेट ब्लॉक में पंचायत सचिव के रूप में कार्यरत था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार बुद्धि प्रकाश किसी काम के सिलसिले में शिमला गए हुआ था और वीरवार शाम को ही वापस घर लौटा था। घर लौटने के बाद उसने सामान्य रूप से परिवार के साथ भोजन किया, बातचीत की और उसके बाद सभी सोने चले गए। शुक्रवार सुबह परिवार के सदस्यों के पैरों तले जमीन खिसक गई, जब उन्होंने बुद्धि प्रकाश को घर के बाहर बने शैड में फंदे से लटकता हुआ पाया। बताया जा रहा है कि बुद्धि प्रकाश ने शैड के लोहे के एंगल से रस्सी बांधी और ट्रैक्टर के बोनट पर चढ़कर यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना के बाद परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।

बुद्धि प्रकाश का परिवार एक शिक्षित और प्रतिष्ठित परिवार है। उनके पिता सेवानिवृत्त तहसीलदार हैं, जबकि उनकी धर्मपत्नी विकास खंड अम्ब में सहायक (विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन-ग्रामीण) के पद पर कार्यरत हैं। मृतक अपने पीछे बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और 3 बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। इस अचानक हुई घटना से परिवार गहरे सदमे में है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा, जहां पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। डीएसपी ने बताया कि घटनास्थल या मृतक के पास से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और परिजनों व करीबियों के बयान दर्ज कर आत्महत्या के असली कारणों का पता लगाने के लिए गहनता से जांच की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!