Edited By Vijay, Updated: 03 Dec, 2025 05:24 PM

नगर निगम पालमपुर के वार्ड नंबर-4 आईमा के पार्षद अनीश नाग ने पार्षद पद से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने नगर निगम पालमपुर के संयुक्त आयुक्त को त्यागपत्र भेजा है। उपायुक्त कांगड़ा तथा उपमंडलाधिकारी नागरिक पालमपुर को भी त्यागपत्र भेजा है।
पालमपुर (भृगु): नगर निगम पालमपुर के वार्ड नंबर-4 आईमा के पार्षद अनीश नाग ने पार्षद पद से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने नगर निगम पालमपुर के संयुक्त आयुक्त को त्यागपत्र भेजा है। उपायुक्त कांगड़ा तथा उपमंडलाधिकारी नागरिक पालमपुर को भी त्यागपत्र भेजा है। अनीश ने 2 दिसम्बर को कांग्रेस को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। वह वार्ड नंबर 4 से कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़कर नगर निगम पार्षद बने थे। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी की सदस्य करने पर उन्होंने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। ऐसे में त्यागपत्र स्वीकार होना तय है वहीं आईमा वार्ड के लिए उप चुनाव होने की संभवनाएं भी जताई जा रही है। यद्यपि नगर निगम का कार्यकाल 13 अप्रैल, 2026 को समाप्त होने जा रहा है, ऐसे में 6 माह से कम अवधि होने के कारण उपुचनाव की संभावनाओं को भी विशेषज्ञ नकार रहे हैं।
अपरिहार्य कारणों से दिया त्यागपत्र
अपने त्यागपत्र में अनीश नाग ने व्यक्तिगत और अपरिहार्य कारणों से इस पद पर अपनी सेवाएं जारी रखने में असमर्थता व्यक्त करते हुए त्यागपत्र की बात कही है। अनीश नाग नगर निगम में कांग्रेस की ओर से उपमहापौर का दायित्व भी संभाल चुके हैं। वर्ष 2021 में हुए नगर निगम चुनाव में अनीश नाग ने 636 मत प्राप्त किए थे जबकि उनके प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को 334 मत प्राप्त हुए थे, जबकि 3 निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में थे।
पहले भी हो चुका है उपचुनाव
नगर निगम के वार्ड नंबर-2 में पहले भी उपचुनाव हो चुका है। वर्ष 2021 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रही सोना सूद ने 802 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की थी, जबकि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को 349 मत प्राप्त हुए थे। सोना सूद द्वारा अपने पद से त्यागपत्र देने के पश्चात अप्रैल 2023 में हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को 739 मत प्राप्त हुए थे जबकि भाजपा व को 288 मत मिले थे।
उपायुक्त को भेजा जा रहा त्यागपत्र : संयुक्त आयुक्त
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त विकास शर्मा ने बताया कि वार्ड नंबर-4 आईमा के पार्षद अनीश नाग का पार्षद पद से त्यागपत्र प्राप्त हुआ है। उनके त्यागपत्र को उपायुक्त को भेजा जा रहा है।