Edited By Vijay, Updated: 19 Feb, 2026 10:55 PM

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का कड़ा अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पालमपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पालमपुर (भृगु): हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का कड़ा अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पालमपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 620 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पालमपुर पुलिस थाना की टीम को इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कोसरी निवासी अनुज को धर दबोचा। जब आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 620 ग्राम चरस बरामद हुई। इतना ही नहीं, पुलिस ने मौके से 2 डिजिटल वेइंग मशीन (तराजू), भूरे रंग की टेप से लिपटे 9 खाली लिफाफे और 8000 रुपए की नकद राशि भी बरामद की है।
पुलिस ने आरोपी अनुज को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पालमपुर पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह खेप कहां से लाया था और इसे आगे किन लोगों को बेचा जाना था।
पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को अपने आसपास नशे के सौदागरों या नशा तस्करी की कोई जानकारी मिलती है, तो वह तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दे। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।