Edited By Swati Sharma, Updated: 19 Apr, 2026 12:55 PM

Chamba News : विधानसभा क्षेत्र चंबा के विधायक नीरज नैय्यर ने 1 करोड़ 9 लाख की लागत से बनने वाली दो सड़कों की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र का विकास उसकी सड़कों पर निर्भर करता है और हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के...
Chamba News : विधानसभा क्षेत्र चंबा के विधायक नीरज नैय्यर ने 1 करोड़ 9 लाख की लागत से बनने वाली दो सड़कों की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र का विकास उसकी सड़कों पर निर्भर करता है और हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के प्रयास लगातार जारी हैं।
विधायक नीरज नैय्यर ने लोगों से किया ये आह्वान
विधायक नीरज नैय्यर ने लोगों से आह्वान किया कि वे सड़क निर्माण के लिए स्वेच्छा से भूमि दान करें, ताकि निर्माण कार्य तेजी से पूरा हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन क्षेत्रों में भूमि उपलब्ध करवाई जाएगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सड़क सुविधा प्रदान की जाएगी।
विधायक आज जम्मूहार-सीटल जीप योग्य संपर्क मार्ग तथा नगाली-रुनठा वाया टिन्नू सड़क की आधारशिला रखने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जम्मूहार-सीटल मार्ग पर 24 लाख तथा नगाली-रुनेठा सड़क पर लगभग 85 लाख की लागत व्यय की जाएगी। उन्होंने विभाग को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। इस अवसर पर उन्होंने जम्मूहार-सीटल संपर्क मार्ग के लिए भूमि दान करने पर पूर्व शिक्षा मंत्री आशा रानी तथा राजा प्रेम सिंह का आभार व्यक्त किया।
अब तक लगभग 35 सड़कों का निर्माण किया जा चुका
अपने संबोधन में विधायक ने विधानसभा क्षेत्र चंबा में चल रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों का भी उल्लेख किया और कहा कि क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई दूरदराज गांव अभी भी सड़क सुविधा से वंचित हैं। अब तक लगभग 35 सड़कों का निर्माण किया जा चुका है और आने वाले दो वर्षों में और अधिक सड़कों के निर्माण की योजना है। उच्च विद्यालय जम्मूहार को वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्तरोन्नत करने की स्थानीय मांग पर उन्होंने कहा कि यदि विद्यालय निर्धारित मानकों को पूरा करता है, तो इस प्रस्ताव को सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
इससे पूर्व विधायक ने जम्मूहार में जम्मू नाग मंदिर में शीश नवाकर क्षेत्र के लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें