Edited By Kuldeep, Updated: 14 Mar, 2026 05:15 PM

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे भी सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न नीतियों एवं कार्यक्रमों का लाभ उठा सकें।
नादौन (जैन): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे भी सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न नीतियों एवं कार्यक्रमों का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि युवाओं को सरकारी रोजगार प्रदान करने के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के भी राज्य सरकार द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।
विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने युवाओं के लिए स्टार्टअप योजना लाने का वायदा किया था, जिसे पूरा कर दिया है। 680 करोड़ रुपए की राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के पहले चरण के तहत ई. टैक्सी योजना शुरू की गई है। वहीं राज्य सरकार ई. टैक्सी की खरीद के लिए युवाओं को 50 प्रतिशत सबसिडी भी प्रदान कर रही है व उन्हें निश्चित आय भी सुनिश्चित की जाएगी।
इसके साथ ही सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करने के लिए भी राज्य सरकार आर्थिक मदद प्रदान करेगी और 25 वर्ष तक उनसे बिजली की खरीद करेगी, ताकि उन्हें निश्चित आय प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए आगामी बजट में प्राकृतिक खेती पर आधारित निश्चित आय प्रदान करने वाली योजना लाई जाएगी तथा अधिकारियों को इस योजना का प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कैंसर का सबसे बड़ा संस्थान तथा नर्सिंग कालेज हमीरपुर मैडीकल कॉलेज में बनने जा रहे हैं, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं घर-द्वार पर सुनिश्चित हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि नादौन की जनता का उन्हें सदैव अपार समर्थन मिला है और इसका ही परिणाम है कि आज इस क्षेत्र को प्रदेश के नेतृत्व का अवसर मिला है, जिसके लिए वह लोगों के हमेशा आभारी रहेंगे।