Edited By Vijay, Updated: 03 Jul, 2025 09:20 PM

एनएचएआई विवाद के बीच ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने वीरवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की। उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री को वस्तुस्थिति से अवगत करवाया तथा एनएचएआई अधिकारी से मारपीट के आरोपों से इंकार किया।
शिमला (कुलदीप): एनएचएआई विवाद के बीच ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने वीरवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की। उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री को वस्तुस्थिति से अवगत करवाया तथा एनएचएआई अधिकारी से मारपीट के आरोपों से इंकार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जानलेवा निर्माण कार्य को किया जा रहा है, जिसमें घटिया निर्माण कार्य को अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डंगों का निर्माण कार्य भी संतोषजनक तरीके से नहीं किया जा रहा है, जिसमें ठेकेदारों के साथ मजबूत नैक्सेस चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि एनएचएआई विवाद के दौरान मुख्यमंत्री शिमला से बाहर थे, जिस कारण मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने मुख्यमंत्री से मिलकर अपना पक्ष रखा। अनिरुद्ध सिंह ने मुख्यमंत्री के साथ श्रम एवं रोजगार विभाग की बैठक में भी हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आवश्यकता महसूस होने पर खुद उस क्षेत्र का दौरा कर सकते हैं, जहां पर एन.एच.ए.आई. निर्माण कार्य से घरों को नुक्सान पहुंचा है। हालांकि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस क्षेत्र का दौरा करके एनएचएआई से बेहतर तालमेल बनाकर आगे बढ़ने की बात कही है।
अविनाश राय खन्ना ने मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष को लिखा पत्र
उधर, हिमाचल प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने एनएचएआई विवाद को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष को पत्र लिखा है। उन्होंने इस मामले का संज्ञान लेकर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने इस विवाद में लोक सेवक यानी मंत्री के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने पर आपत्ति जताई है।
वित्त विभाग से बैठक कर सकते हैं सीएम
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार को वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सकते हैं। इस दौरान वह मौजूदा वित्तीय हालात के बीच कर्मचारियों को डी.ए. देने के विकल्प तलाशे जाने पर चर्चा कर सकते हैं।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक