Edited By Vijay, Updated: 15 Mar, 2026 07:58 PM

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के टिंबी में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण किए।
पांवटा साहिब (कपिल): उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के टिंबी में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण किए। इस दौरान उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान भी उनके साथ मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री ने करीब 7 करोड़ 50 लाख रुपए की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने 90 लाख रुपए की लागत से निर्मित कालची–चियाली उठाऊ पेयजल योजना और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिंबी में पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने 5 करोड़ 17 लाख रुपए की लागत से थौन्था-जाखल उठाऊ पेयजल योजना के विस्तार की आधारशिला रखी। साथ ही 1 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से टिंबी में जल शक्ति विभाग के निरीक्षण कुटीर का शिलान्यास किया।
18 करोड़ रुपए की जल आपूर्ति योजना को शीघ्र पूरा करने के निर्देश
उपमुख्यमंत्री ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एशियन डिवैल्पमैंट बैंक के तहत 18 करोड़ रुपए की जल आपूर्ति योजना को शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने टिंबी में जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने को कहा। इसके अलावा शिलाई में बस अड्डे के निर्माण के लिए भूमि चयन करने को कहा, ताकि यहां बस अड्डा बनाया जा सके। उपमुख्यमंत्री ने शिलाई से शिमला, हरिद्वार और चंडीगढ़ के लिए बस सेवा शुरू करने के साथ-साथ अन्य स्थानीय रूटों पर भी बसें चलाने का आश्वासन दिया।
विश्राम गृह भवन का निर्माण कार्य जल्द होगा पूरा : हर्षवर्धन
इससे पूर्व उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने अपने संबोधन में बताया कि टिंबी लगभग 10 पंचायतों का केंद्र बिंदु है, जहां विश्राम गृह की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। भूमि आबंटन के बाद यहां 25 लाख रुपए की लागत से सड़क और अन्य कार्य करवाए गए हैं। जल्द ही विश्राम गृह भवन का निर्माण कार्य पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने चालदा महासू महाराज के मंदिर में नवाया शीश
इससे पूर्व उपमुख्यमंत्री ने पश्मी में चालदा महासू महाराज के मंदिर में शीश नवाया। उन्होंने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र के लोग सौभाग्यशाली हैं कि महासू चालदा महाराज एक वर्ष के लिए पश्मी में विराजमान हुए हैं। इस अवसर पर उन्होंने पश्मी में पानी की योजना के लिए 15 लाख रुपए और सराय निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर एडीएम सिरमौर एलआर वर्मा, एएसपी योगेश रोल्टा, एसडीएम शिलाई जसपाल, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विभाग राजीव महाजन, बीएमओ अजय देवल, डीएसपी मानवेन्द्र ठाकुर, आरटीओ सोना चंदेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि व गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here