Edited By Vijay, Updated: 18 Apr, 2026 06:43 PM

कालाअम्ब-पांवटा साहिब नैशनल हाईवे शनिवार को उस वक्त प्रभावित हो गया, जब शंभूवाला स्थित एक निजी कंपनी में मजदूर की मौत के बाद कामगारों और ग्रामीणों का गुस्सा कंपनी प्रबंधन के खिलाफ फूट पड़ा।
नाहन (आशु): कालाअम्ब-पांवटा साहिब नैशनल हाईवे शनिवार को उस वक्त प्रभावित हो गया, जब शंभूवाला स्थित एक निजी कंपनी में मजदूर की मौत के बाद कामगारों और ग्रामीणों का गुस्सा कंपनी प्रबंधन के खिलाफ फूट पड़ा। सुबह से ही कंपनी गेट के बाहर एकत्रित कामगार, मृतक के परिजन और ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर डटे रहे और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी मजदूरों का समर्थन करते हुए घटना को गंभीरता से लेने की मांग उठाई। जब बातचीत से बात नहीं बनी तो दोपहर बाद प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर बैठकर अपना गुस्सा प्रकट किया और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और समझाने के बाद हाईवे को बहाल करवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया।
मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन पर लगाए ये आरोप
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन पर कथित तौर पर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि पहले से ही लिफ्ट में तकनीकी खराबी के संकेत मिल रहे थे, लेकिन इसे नजरअंदाज किया गया। मजदूरों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मुद्दा भी उठाया और इस दिशा में उचित कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने प्रशासन से न्याय और उचित मुआवजे की मांग की है। वहीं, सूत्रों के अनुसार कंपनी प्रबंधन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत भी हुई, लेकिन मुआवजे को लेकर क्या सहमति बनी, इसकी आधिकारिक स्तर पर पुष्टि नहीं हो पाई है। फिलहाल स्थिति सामान्य है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

क्या है मामला?
पुलिस के अनुसार शंभूवाला स्थित सनवेट हैल्थ केयर कंपनी में 17 अप्रैल की शाम एक हादसा हुआ। पुलिस को दी गई शिकायत में हरिश पुत्र गोपाल सिंह, निवासी गांव सतीवाला (जो उसी कंपनी में कार्यरत है) ने बताया कि कंपनी की लिफ्ट से लगातार टक-टक की आवाज आ रही थी। इस बारे में सुपरवाइजर प्रमोद को अवगत भी करवाया गया, लेकिन शिकायत के बावजूद इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। शिकायत के अनुसार काम के दौरान लिफ्ट में पीवीसी के करीब 150 बंडल लोड कर दिए गए। अधिक भार होने के कारण लिफ्ट का लोहे का तार (रस्सा) अचानक टूट गया। उस समय लिफ्ट के बाहर मजदूर टीका राम पीवीसी का सामान पकड़ने का काम कर रहा था। रस्सा टूटते ही लिफ्ट में रखा सारा भारी सामान सीधे टीका राम के ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।

कंपनी प्रबंधन पर केस दर्ज, जांच जारी : एएसपी
एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा ने बताया कि मजदूर की मौत के मामले में पुलिस थाना सदर नाहन में बीएनएस की धारा 125 और 106(1) के तहत कंपनी प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की तफ्तीश अमल में लाई जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें