Edited By Vijay, Updated: 18 Feb, 2026 07:20 PM

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) अब बीएड व एमएड की परीक्षाएं 2 मार्च से शुरू करेगा। पहले ये परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होनी थी, लेकिन राज्य चयन आयोग द्वारा...
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) अब बीएड व एमएड की परीक्षाएं 2 मार्च से शुरू करेगा। पहले ये परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होनी थी, लेकिन राज्य चयन आयोग द्वारा जेबीटी की परीक्षाएं 25 से 27 फरवरी तक आयोजित करने का निर्णय लिए जाने के दृष्टिगत विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीएड व एमएड की संशोधित डेटशीट जारी की है। इस डेटशीट के अनुसार बीएड प्रथम व तृतीय सैमेस्टर (रैगुलर विद्यार्थी) व सैंटर फॉर डिस्टैंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) के तहत जनवरी बैच के बीएड प्रथम व द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 14 मार्च तक चलेंगी। 80 अंक वाले पेपर की परीक्षाएं सुबह 9 से दाेपहर 12 बजे तक आयोजित होंगी, जबकि 40 अंक वाले पेपर की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से साढ़े 10 बजे तक चलेंगी। इसके अलावा एमएड की संशोधित डेटशीट के अनुसार द्वितीय व चतुर्थ सैमेस्टर की परीक्षाएं 2 मार्च से 9 मार्च तक चलेंगी।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने बताया कि विस्तृत डेटशीट विश्वविद्यालय की वैबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों व काॅलेजों के प्रधानाचार्यों को डेटशीट में यदि कोई बदलाव होता है तो उसकी अपडेट के लिए विश्वविद्यालय की वैबसाइट पर नजर बनाए रखने के दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी अपने एडमिट कार्ड 23 फरवरी से डाऊनलोड कर सकेंगे।
पीएचडी कोर्स वर्क की डेटशीट भी हुई जारी
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने विभिन्न विषयों में पीएचडी कोर्स वर्क की डेटशीट भी जारी कर दी है। ये परीक्षाएं भी 2 मार्च से शुरू होंगी। विस्तृत डेटशीट विश्वविद्यालय की वैबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है। ये परीक्षाएं 7 मार्च तक चलेंगी।