Edited By Vijay, Updated: 25 Jun, 2025 07:16 PM

चम्बा शहर के सुल्तानपुर वार्ड में बुधवार काे एक मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। इस अग्निकांड में घर का करीब 4 लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
चम्बा (रणवीर): चम्बा शहर के सुल्तानपुर वार्ड में बुधवार काे एक मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। इस अग्निकांड में घर का करीब 4 लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से आसपास की लाखों रुपए की संपत्ति को खाक होने से बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार अग्निशमन विभाग को सुबह करीब पौने 11 बजे सूचना मिली कि सुल्तानपुर में जीवना के मकान में बिजली का शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायरमैन बाबू राम, मुकेश कुमार और चालक नरेश सिंह सहित विभागीय टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने मुस्तैदी से काम करते हुए आग पर काबू पाया, जिससे आग को अन्य घरों में फैलने से रोका जा सका।
प्रभावित परिवार ने बताया कि वे अपनी रसोई में खाना बना रहे थे तभी अचानक कमरे और किचन से धुआं उठने लगा। धुएं के कारण आग बुझाने में काफी परेशानी हुई। गनीमत यह रही कि इस घटना में परिवार का कोई भी सदस्य आग की चपेट में नहीं आया और सभी सुरक्षित हैं।
अग्निशमन विभाग के अधिकारी राजेंद्र ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही उनकी टीम ने तुरंत कार्रवाई की और आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस घटना में करीब 4 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक