Edited By Vijay, Updated: 02 Apr, 2026 05:16 PM

जिला बिलासपुर के थाना स्वारघाट के अंतर्गत गरा संपर्क मार्ग पर एक भयानक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ढांक (पहाड़ी) से सीधे नीचे फोरलेन पर जा गिरी।
बिलासपुर (बंशीधर): जिला बिलासपुर के थाना स्वारघाट के अंतर्गत गरा संपर्क मार्ग पर एक भयानक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ढांक (पहाड़ी) से सीधे नीचे फोरलेन पर जा गिरी। इस खौफनाक हादसे में बाइक सवार 51 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राकेश कुमार (51) पुत्र कृष्ण लाल निवासी गरा, डाकघर स्वाहण, तहसील श्री नयना देवी जी (बिलासपुर) के रूप में हुई है।
पुलिस को दिए गए बयान में मृतक के भतीजे शुभम कुमार ने बताया कि उसके ताया राकेश कुमार अपना ढाबा चलाते थे। बीती रात वह अपना ढाबा बंद करने के बाद बाइक पर सवार होकर घर की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान जब वह गरा संपर्क सड़क के पास पहुंचे तो बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण उन्होंने नियंत्रण खो दिया। बाइक अनियंत्रित होकर सीधी ढांक से नीचे फोरलेन पर जा गिरी। ऊंचाई से गिरने के कारण राकेश कुमार को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्वारघाट पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि पुलिस ने शुभम कुमार के बयान दर्ज कर लिए हैं तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्वारघाट पुलिस द्वारा इस हादसे के संदर्भ में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें