Edited By Vijay, Updated: 11 Mar, 2026 05:40 PM

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है। चौपाल पुलिस थाना क्षेत्र के तहत पुलबाहल-नाउणी मुख्य सड़क पर जामू नाला के पास एक आल्टो कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक की मौत हो गई।
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है। चौपाल पुलिस थाना क्षेत्र के तहत पुलबाहल-नाउणी मुख्य सड़क पर जामू नाला के पास एक आल्टो कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोशन लाल निवासी गांव रूइंजा के रूप में हुई है। हादसा मंगलवार देर रात उस वक्त हुआ जब रोशन लाल अकेला अपनी कार से घर लौट रहा था।
शादी से लौट रहे युवकों ने देखी क्षतिग्रस्त कार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसे का खुलासा तब हुआ जब एक अन्य वाहन चालक वहां से गुजरा। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में ग्राम माउना (पुलबाहल) निवासी नंद लाल ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई साहिल के साथ सिरमौर जिले के धमांदर में एक शादी समारोह में गए थे। वहां से वे अपनी आल्टो कार (HP 08A-3038) से वापस घर लौट रहे थे। रात करीब 11:58 बजे जब वे जामू नाला के पास पहुंचे, तो उन्होंने सड़क पर एक लाल रंग की आल्टो कार (HP 08A-4827) को बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में देखा। कार के कारण सड़क पर यातायात भी बाधित हो गया था।
सड़क के ऊपर पहाड़ी पर मिला शव
नंद लाल और उनके भाई ने जब वहां रुककर पूछताछ और जांच की तो पता चला कि यह कार रूइंजा गांव के रोशन लाल की है। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना रोशन लाल के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। जब रात के अंधेरे में आसपास तलाश की गई तो चालक रोशन लाल का शव सड़क के ऊपर एक पहाड़ी पर पड़ा हुआ मिला। प्रारंभिक जांच में यह माना जा रहा है कि गाड़ी अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हुई और चालक की मौके पर ही जान चली गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलते ही चौपाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के स्पष्ट कारणों की जांच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here