Edited By Vijay, Updated: 18 Aug, 2022 11:28 PM

एक-दो लोगों के पार्टी छोड़ कर जाने का 137 साल पुरानी कांग्रेस पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता। हर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के कई नेता विधायक बनने की काबिलियत रखते हैं। प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ जबरदस्त वातावरण है।
हमीरपुर (ब्यूरो): एक-दो लोगों के पार्टी छोड़ कर जाने का 137 साल पुरानी कांग्रेस पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता। हर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के कई नेता विधायक बनने की काबिलियत रखते हैं। प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ जबरदस्त वातावरण है। कर्मचारी, किसान, बागवान और बेरोजगार सब आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में आने वाले चुनाव में कांग्रेस 50 सीटें जीत कर सत्ता में वापसी कर रही है। यह दावा कांग्रेस पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने हमीरपुर के परिधि गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए किया। कांग्रेस के 2 विधायक पार्टी छोड़कर भाजपा में गए और आपका नाम भी चर्चा में है इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करने हुए राजेंद्र राणा ने कहा कि न मैं बिकाऊ हूं और न ही किसी के बहकावे में आने वाला हूं। जहां पर भी हूं पूरी मजबूती के साथ कांग्रेस के लिए काम कर रहा हूं। भाजपा के किसी नेता में इतना दम नहीं है कि वह उनसे आकर पार्टी छोड़ने की बात करे। उन्होंने दिल्ली के रास्ते से वापस लौटने की बात को भी मनगढ़ंत करार दिया। उन्होंने कहा कि पिछले 5 दिन से अपने विधानसभा क्षेत्र में ही हूं और लगातार जनता के बीच हूं। कांग्रेसी हूं और कांग्रेसी ही रहूंगा।
मेरे खिलाफ भ्रांतियां फैलाने वाले सुधर जाएं
सोशल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार करने वाले लोगों को चेताते हुए राजेंद्र राणा ने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी का छोटा-सा सिपाही हूं और पूरी मजबूती के साथ चट्टान की तरह कांग्रेस के साथ खड़ा हूं। जो लोग मेरे भाजपा में जाने को लेकर भ्रांतियां फैलाने का काम कर रहे हैं, वे सुधर जाएं वर्ना ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के लिए मुझे बाध्य होना पड़ेगा। प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व संकट और फूट के बारे में उठ रहे सवालों पर राजेंद्र राणा ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष खुद कहते हैं कि कांग्रेस पार्टी में मुख्यमंत्री पद के 10 दावेदार हैं तो फिर नेतृत्व संकट की बात कहां है। इस दौरान हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रवक्ता जगजीत सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष लेख राज ठाकुर, कांग्रेस शहरी इकाई के अध्यक्ष शहंशाह व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here