Edited By Vijay, Updated: 18 Jul, 2025 12:59 PM

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक जाखू मंदिर में भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक जाखू मंदिर में भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उनके साथ उनकी धर्मपत्नी और देहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर भी मौजूद रहीं। इस माैके पर मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धा और भक्ति के साथ मंदिर प्रांगण में स्थापित भगवान हनुमान की विशाल प्रतिमा के समक्ष नतमस्तक होकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके बाद मुख्यमंत्री सुक्खू ने मंदिर परिसर में 108 फुट ऊंचा एक भव्य ध्वज (झंडा) भी स्थापित किया, जो अब इस पावन स्थल की आभा को और भी भव्य बना रहा है। यह ध्वज न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि जाखू मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक नई आस्था और आकर्षण का केंद्र भी बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जाखू मंदिर आस्था, ऊर्जा और शक्ति का प्रतीक है, और यहां आकर उन्हें हर बार एक नई सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन को इसके बेहतर रख-रखाव और श्रद्धालुओं की सुविधाओं में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह सहित, नगर निगम के पदाधिकारी, मंदिर समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।