Edited By Vijay, Updated: 22 Jul, 2025 02:17 PM

मंडी जिले के दवाड़ा के पास भूस्खलन के चलते बंद हुआ चंडीगढ़-मनाली फाेरलेन यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। चंडीगढ़-मनाली फाेरलेन के बहाल हाेने से सैंकड़ाें वाहन चालकाें ने राहत की सांस ली है।
मंडी (रजनीश): मंडी जिले के दवाड़ा के पास भूस्खलन के चलते बंद हुआ चंडीगढ़-मनाली फाेरलेन यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। चंडीगढ़-मनाली फाेरलेन के बहाल हाेने से सैंकड़ाें वाहन चालकाें ने राहत की सांस ली है। बता दें कि बीते सोमवार को भारी बारिश के चलते दवाड़ा, जलोगी और बनाला के पास भूस्खलन हुआ था, जिससे चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग (फोरलेन) पर यातायात पूरी तरह से ठप्प हो गया था। इस मार्ग के बंद होने से सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन रास्ते में ही फंस गए थे, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
छोटे वाहनों को प्रशासन द्वारा वैकल्पिक मार्ग कमांद-कटौला होकर निकाला गया, लेकिन बड़े वाहन चालकों को फोरलेन खुलने का ही इंतजार करना पड़ा। राहत की बात यह रही कि प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मशीनरी मौके पर भेज दी। दवाड़ा फ्लाईओवर के पास सबसे ज्यादा मलबा जमा हुआ था, जिसे हटाने में कड़ी मेहनत की गई। पंडोह चौकी प्रभारी अनिल कटोच ने जानकारी दी कि भूस्खलन वाले स्थान पर बीते कल से ही जेसीबी और अन्य मशीनें मलबा हटाने में जुटी हुईं थीं। कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार दोपहर करीब सवा एक बजे फोरलेन को एक ओर से यातायात के लिए बहाल कर दिया गया।
मार्ग खुलने के बाद फंसे हुए वाहन धीरे-धीरे आगे बढ़े और लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें। साथ ही एनएचएआई की ओर से भी मलबा हटाने और मार्ग की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।