Edited By Vijay, Updated: 04 Feb, 2026 03:56 PM

चम्बा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र की बगढार पंचायत के बाग गांव के साथ लगते जंगल में भालू ने एक व्यक्ति पर अचानक हमला कर दिया, जिससे व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया।
बनीखेत (पार्थ): चम्बा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र की बगढार पंचायत के बाग गांव के साथ लगते जंगल में भालू ने एक व्यक्ति पर अचानक हमला कर दिया, जिससे व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया। लोगों ने घायल को उपचार के लिए पीएचसी बगढार पहुंचाया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद घायल को 108 एम्बुलैंस में नागरिक अस्पताल डल्हौजी पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने घायल की गंभीर हालत देखते हुए उसे मेडिकल काॅलेज चम्बा रैफर कर दिया है।
जानकारी के 32 वर्षीय कर्मों कुमार पुत्र जाहफर निवासी गांव टिकरी, डाकघर आयल व तहसील चुराह 2 अन्य लोगों के साथ बगढार पंचायत के गांव बाग के साथ लगते जंगल में अपने मवेशी चराने गया था। उसके दाेनाें साथी अपनी भेड़-बकरियों संग कुछ दूर आगे निकल गए, जबकि कर्मों उनसे पीछे रास्ता बनाते हुए जा रहा था। इस दाैरान एक भालू अचानक से कर्मों के सामने आ गया और उस पर हमला कर दिया। कर्मों ने खुद को भालू से बचाने कि काफी कोशिश की, लेकिन भालू उस पर बार-बार हमला करता रहा। उसकी चीख-पुकार सुनकर साथी भागते हुए उसके पास पहुंचे और भालू को शोर मचाकर वहां से भगा दिया।
घटना कि सूचना मिलने के बाद डल्हौजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल का जायजा लेकर कागजी औपचारिकता की गई। वहीं डीएफओ डल्हौजी रजनीश महाजन का कहना है कि भालू के हमले की सूचना मिली है। मेडिकल जांच की रिपोर्ट आने के बाद घायल की मदद की जाएगी। वहीं उन्होंने लाेगाें से आग्रह किया है कि अपने मवेशी चराने के लिए जंगल में अकेले कभी न जाएं। यदि जाना भी पड़े ताे जंगल में शोर करते चलें, ताकि जंगली जानवर करीब न आ सकें।