Kullu: सनकी युवक की खौफनाक करतूत, शादी से इंकार पर पूरे परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश; घर में लगाई आग

Edited By Vijay, Updated: 21 Feb, 2026 08:54 PM

attempt to burn the entire family alive after refusing to marry

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के उपमंडल आनी के कटाहर गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सनकी युवक ने शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज होकर एक परिवार को जिंदा जलाने की नीयत से उनके घर में आग लगा दी।

आनी/कुल्लू (ब्यूराे): हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के उपमंडल आनी के कटाहर गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सनकी युवक ने शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज होकर एक परिवार को जिंदा जलाने की नीयत से उनके घर में आग लगा दी। गनीमत यह रही कि समय रहते पड़ोसियों ने आग देख ली, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

शादी के लिए बना रहा था दबाव, जान से मारने की दी थी धमकी
पुलिस को दी गई शिकायत में कटाहर निवासी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी पंकज शर्मा पिछले काफी समय से उनकी बेटी पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। जब परिवार ने इस रिश्ते से इंकार कर दिया तो आरोपी ने उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी। राजेश कुमार के अनुसार घटना से महज 2 दिन पहले पंकज ने फोन पर धमकी दी थी कि यदि उनकी बेटी की शादी उसके साथ नहीं की गई, तो वह पूरे परिवार को जिंदा जला देगा।

साे रहा था परिवार, आराेपी ने आग के हवाले कर दिया घर
घटना की रात करीब 10 बजे राजेश की पत्नी और बेटी खाना खाकर सो रहे थे। तभी करीब 10:30 बजे आरोपी पंकज ने कथित तौर पर उनके घर को आग के हवाले कर दिया। आग की लपटें तेजी से कमरे की ओर बढ़ने लगीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली गुड्डी देवी की नजर आग पर पड़ी। उन्होंने तुरंत शोर मचाया और कमरे के अंदर सो रही मां-बेटी को जगाकर सुरक्षित बाहर निकाला।

ग्रामीणों को देख कार में फरार हुआ आरोपी
शोर सुनकर गांव के अन्य लोग भी मौके पर जमा हो गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, इस घटना में घर का एक कमरा और उसमें रखा कीमती सामान जलकर राख हो गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब ग्रामीण आग बुझाने में जुटे थे, उसी समय आरोपी पंकज शर्मा अपनी गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गया।

आराेपी के खिलाफ मामला दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने राजेश कुमार की शिकायत पर आरोपी पंकज शर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। कुल्लू के एसपी मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

पार्वती घाटी में भी हुई थी ऐसी ही वारदात
गौरतलब है कि कुल्लू जिले में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। कुछ महीने पहले पार्वती घाटी के जरी क्षेत्र में भी एक महिला ने अपने पति द्वारा तीसरी शादी किए जाने से नाराज होकर घर में आग लगा दी थी। उस मामले में भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!