Edited By Vijay, Updated: 14 Mar, 2026 08:08 PM

करसोग बस अड्डे में बस में बैठी महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
करसोग (धर्मवीर): करसोग बस अड्डे में बस में बैठी महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा लूटा गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार हाल ही में करसोग बस अड्डे पर उस समय हड़कंप मच गया था जब बस में बैठी एक महिला के गले से अचानक एक युवक ने झपट्टा मारकर मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध युवकों से पूछताछ भी की। इसी दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेने में सफलता हासिल की। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान राहुल के रूप में हुई है, जो करसोग से लगभग चार किलोमीटर दूर के क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक ने किसी व्यक्ति से कर्ज लिया हुआ था और कर्ज की एवज में उसने अपना कुछ सामान गिरवी रखा था। कर्ज चुकाने के दबाव के चलते युवक ने जल्द पैसे जुटाने के लिए इस प्रकार की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीएसपी करसोग भरत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क है और आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग किया जा सके।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here