Himachal: नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, 7 तस्कर गिरफ्तार; सवा किलो चरस, चिट्टा और 1 लाख कैश बरामद

Edited By Vijay, Updated: 07 Apr, 2026 04:55 PM

7 smugglers arrested

हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला नूरपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ने अब रफ्तार पकड़ ली है। पुलिस ने पिछले 24 घंटों के भीतर 4 बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए अंतर्राज्यीय नशा तस्करी के नैटवर्क का पर्दाफाश किया है।

इंदौरा (अजीज): हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला नूरपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ने अब रफ्तार पकड़ ली है। पुलिस ने पिछले 24 घंटों के भीतर 4 बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए अंतर्राज्यीय नशा तस्करी के नैटवर्क का पर्दाफाश किया है। इन अलग-अलग मामलों में 7 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चरस, चिट्टा, एक लाख रुपए की नकदी और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 4 वाहन (2 कारें और 2 बाइक) जब्त किए गए हैं।

शिमला का ढाबा संचालक चरस और नकदी के साथ धरा
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पहली बड़ी सफलता कंडवाल पुलिस चौकी को मिली। नाकाबंदी के दौरान एक क्रेटा कार से 1 किलो 256 ग्राम चरस और 1 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राम कुमार (52) निवासी कुमारसैन (शिमला) के रूप में हुई है, जो कुल्लू में ढाबा चलाता है। यह तस्कर पहले से ही पुलिस के रडार पर था और इसके खिलाफ पहले भी नशे का मामला दर्ज है।

पंजाब-जम्मू से जुड़ा था चिट्टा का नैटवर्क
दूसरे मामले में इंदौरा पुलिस ने चंगराड़ा के पास एक ऑल्टो कार (HP 38G-3964) के डैशबोर्ड से 10 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने कमलदीप उर्फ टिम्मी (निवासी लहरुं) और जितेन्द्र सिंह (निवासी मोच) को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी कमलदीप के खिलाफ पहले से 3 मामले दर्ज हैं और वह पंजाब व जम्मू से चिट्टा लाकर यहां सप्लाई करने का अंतर्राज्यीय नैटवर्क चला रहा था।

कुख्यात कोबरा समेत 3 बाइक सवार गिरफ्तार
तीसरे मामले में फतेहपुर थाना पुलिस ने 52 गेट टोल बैरियर के पास एक बाइक (HP 54D-9286) को रोका। तलाशी लेने पर हैप्पी, नितिश चौधरी (निवासी चलवाड़ा) और नीरज कुमार उर्फ कोबरा (निवासी गोलवां) के पास से 6.34 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। कुख्यात तस्कर कोबरा के खिलाफ पहले ही 3 मामले दर्ज हैं। उस पर पूर्व में पीआईटी एनडीपीएस एक्ट और अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई भी हो चुकी है। चौथा मामला भी इंदौरा उपमंडल का है, जहां बीते दिन एक अन्य आरोपी को 11.87 ग्राम हैरोइन के साथ पकड़ा गया था।

आरोपियों की संपत्ति की होगी  जांच : एसपी
एसपी कुलभूषण वर्मा ने स्पष्ट किया है कि पुलिस अब बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज (नशा कहां से आया और कहां जाना था) की गहन जांच कर रही है। इसके साथ ही इन तस्करों की वित्तीय जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि नशे के काले कारोबार से बनाई गई संपत्तियों को कुर्क किया जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!