Kangra: पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन, घर से चिट्टा, चरस और ड्रग मनी बरामद...हिस्ट्रीशीटर काबू

Edited By Vijay, Updated: 27 Mar, 2026 10:49 PM

history sheeter arrested with heroin hashish and drug money

कांगड़ा जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पालमपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके घर से चिट्टा, चरस और हजारों रुपए की नकदी बरामद की है।

पालमपुर (भृगु): कांगड़ा जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पालमपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके घर से चिट्टा, चरस और हजारों रुपए की नकदी बरामद की है। जानकारी के अनुसार 26 मार्च को पालमपुर पुलिस थाने की टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि गांव चौकी (पालमपुर) का रहने वाला अवतार सिंह उर्फ गुन्नू अपने रिहायशी मकान से नशीले पदार्थों की धड़ल्ले से बिक्री कर रहा है। सूचना पुख्ता होते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपी अवतार सिंह की मौजूदगी में उसके घर से 6.09 ग्राम चिट्टा, 10.31 ग्राम चरस और 18,670 रुपए नकद (ड्रग मनी) बरामद किए। सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी दर्ज हैं चिट्टा तस्करी के 4 मामले
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार किया गया आरोपी अवतार सिंह उर्फ गुन्नू नशे का एक हिस्ट्रीशीटर तस्कर है और लंबे समय से इस काले कारोबार में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ कांगड़ा जिले के अलग-अलग पुलिस थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत चिट्टा तस्करी के 4 अन्य मामले पहले से ही दर्ज हैं, जिनमें भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की खेप पकड़ी गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ 21 जून 2023 को पालमपुर थाने में अभियोग संख्या 74/23 के तहत 7 ग्राम चिट्टा बरामदगी का केस दर्ज हुआ था। इसके बाद 26 अक्तूबर 2023 को नूरपुर थाने में अभियोग संख्या 344/23 के तहत 50.46 ग्राम चिट्टा और 24 जनवरी 2024 को नगरोटा बगवां थाने में अभियोग संख्या 27/24 के तहत 20.65 ग्राम चिट्टा पकड़ा गया था। वहीं, 18 दिसम्बर 2024 को पालमपुर थाने में ही अभियोग संख्या 142/24 के तहत 6.47 ग्राम चिट्टा बरामदगी का मामला भी दर्ज किया जा चुका है। पुलिस ने फिलहाल आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एक और मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!