Edited By Vijay, Updated: 12 Feb, 2026 03:56 PM

जिला बिलासपुर में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सदर थाना पुलिस ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाकेबंदी के दौरान बाइक सवार दो युवकों को 3.34 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
बिलासपुर (बंशीधर): जिला बिलासपुर में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सदर थाना पुलिस ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाकेबंदी के दौरान बाइक सवार दो युवकों को 3.34 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पंजाब और बिलासपुर के रहने वाले हैं आराेपी
जानकारी के मुताबिक सदर थाना पुलिस की एक टीम ने फोरलेन पर पट्टा नामक स्थान पर नाका लगाया हुआ था। पुलिस टीम वहां से गुजरने वाले वाहनों की रूटीन चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान कीरतपुर की ओर से एक बाइक (PB 65AV-8265) आई, जिस पर 2 युवक सवार थे। पुलिस को देखकर युवक घबरा गए, जिसके बाद संदेह के आधार पर पुलिस ने उन्हें रोका। पुलिस ने जब दोनों युवकों और उनकी बाइक की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 3.34 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान गुरदीप सिंह (30) निवासी गांव धर्मगढ़, जिला एसएएस नगर (मोहाली), पंजाब और आदित्य ठाकुर (35) निवासी गांव बैहरन-टिकरी, तहसील झंडूता व जिला बिलासपुर के रूप में की गई है।
नशे के स्त्राेत की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बाइक को भी कब्जे में ले लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह नशा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। मामले की आगामी जांच जारी है।