Edited By Vijay, Updated: 10 Feb, 2026 05:43 PM

सिरमौर जिले की पांवटा साहिब पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए 2 व्यक्तियों को भारी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पांवटा साहिब (कपिल): सिरमौर जिले की पांवटा साहिब पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए 2 व्यक्तियों को भारी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर बहराल चैक पोस्ट के समीप की गई।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने बहराल चैक पोस्ट से कुछ दूरी पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक को जांच के लिए रोका गया। जब पुलिस ने बाइक की तलाशी ली तो उसकी डिक्की से 47 नशीले कैप्सूल और 105 नशीली गोलियां बरामद हुईं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शहीदु रहमान निवासी भगवानपुर किरतपुर, पुरुवाला और काशम अली निवासी रामपुर बंजारन, धौलाकुआं के रूप में हुई है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी यह खेप कहां से लाए थे और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।