Edited By Vijay, Updated: 22 Feb, 2026 07:00 PM

दिल्ली में आयाेजित एआई समिट में गलगाेटिया यूनिवर्सिटी विवाद पर प्रदर्शन करने वाले युवा साथियों की गिरफ्तारी के विरोध में युवा कांग्रेस ने रविवार को शिमला केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
शिमला (राक्टा): दिल्ली में आयाेजित एआई समिट में गलगाेटिया यूनिवर्सिटी विवाद पर प्रदर्शन करने वाले युवा साथियों की गिरफ्तारी के विरोध में युवा कांग्रेस ने रविवार को शिमला केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान युवा कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाने का भी प्रयास किया गया, लेकिन मुस्तैद पुलिस ने यह कोशिश नाकाम कर दी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस कर्मियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। युवा कार्यकर्त्ताओं ने पुतला जलाने के लिए उस पर पैट्रोल भी छिड़क दिया था, बावजूद इसके पुलिस ने ऐसी घेराबंदी की कि प्रदर्शनकारी उसमें आग नहीं लगा पाए।
राजीव भवन से पुराने बस स्टैंड तक निकाली रैली
यह प्रदर्शन युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी शेष नारायण ओझा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रदर्शन के तहत युवा कांग्रेस ने राजीव भवन से पुराने बस स्टैंड तक रैली निकाली और प्रधानमंत्री व केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार पर लोकतंत्र विरोधी और तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। छतर ठाकुर ने कहा कि निजी यूनिवर्सिटी के माध्यम से गई अंतर्राष्ट्रीय बेईमानी के लिए प्रधानमंत्री के साथ ही पूरी केंद्र सरकार को तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे देना चाहिए, साथ ही आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों का दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने एप्सीटन फाइल्स का भी उल्लेख किया, साथ ही कहा कि अंतर्राष्ट्रीय एआई समिट में जिस तरह निजी यूनिवर्सिटी के झूठ को समर्थन दिया गया है, वह बेहद शर्मनाक है।

युवा कांग्रेस साथियों काे तुरंत रिहा करने की उठाई मांग
छतर ठाकुर ने कहा कि युवा कांग्रेस मांग करती है कि दिल्ली में गिरफ्तार युवा कांग्रेस के साथियों को तुरंत रिहा किया जाए और उनके खिलाफ दर्ज किए गए सभी मामले वापस लिए जाएं, साथ ही केंद्र सरकार से मांग की गई है कि वह अपनी बेईमानी को स्वीकार करते हुए देश की जनता से इसके लिए माफी मांगे। प्रदर्शन में राज्य महासचिव आर्यन चौहान, योगेश ठाकुर योगी, अतुल ठाकुर, प्रकाश कन्याल, मनोज, अरुण ठाकुर, नरेंद्र, हार्दिक भंडारी, रोहित कश्यप सहित शिमला जिला से संबंधित युवा कांग्रेस व एनएसयूआई के कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here