Edited By Vijay, Updated: 14 Mar, 2026 12:16 PM

हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की चलती बस में उस समय अनोखा घटनाक्रम सामने आया, जब अस्पताल जा रही एक गर्भवती महिला ने रास्ते में ही बच्ची को जन्म दे दिया।
नाहन (आशु): हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की चलती बस में उस समय अनोखा घटनाक्रम सामने आया, जब अस्पताल जा रही एक गर्भवती महिला ने रास्ते में ही बच्ची को जन्म दे दिया। बाद में 108 एंबुलेंस की मदद से जच्चा और नवजात को मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन पहुंचाया गया, जहां दोनों की हालत फिलहाल स्वस्थ बताई जा रही है। हालांकि स्पष्ट नहीं है, लेकिन एचआरटीसी की बस में बच्चे के जन्म का यह संभवतः पहला मामला बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक कुंहट-हरिपुरधार-रेणुकाजी-नाहन रूट पर चलने वाली एचआरटीसी बस शुक्रवार शाम करीब सात बजे ददाहू से नाहन के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान मलगांव के पास गर्भवती महिला सरोज अपने पति और सास के साथ प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन जाने हेतु बस में सवार हुई। परिवार बस की सबसे पिछली सीट पर बैठ गया। बताया जा रहा है कि बस जब जमटा से आगे दोसड़का के समीप पहुंची तो महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
महिला के दर्द से कराहने पर बस में मौजूद पुरुष यात्री आगे की सीटों पर चले गए, जबकि कुछ महिलाएं उसकी मदद के लिए पीछे पहुंच गईं। इसी दौरान हालात ऐसे बने कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने बस में ही बच्ची को जन्म दे दिया। घटना के बाद बस में सवार एक यात्री ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जबकि चालक ने भी बस को नाहन की ओर तेजी से बढ़ाया। बनोग के समीप 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और जच्चा व नवजात को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया।
शाम सवा 8 बजे हुई डिलीवरी
मेडिकल कॉलेज नाहन के गायनी विभाग के एचओडी डॉ. अमोद सिंह ने बताया कि महिला ने शुक्रवार शाम करीब सवा 8 बजे बस में ही एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। अस्पताल में मां और नवजात दोनों का उपचार किया जा रहा है और दोनों की हालत स्थिर है।
27 मार्च निर्धारित थी डिलीवरी डेट
बताया जा रहा है कि महिला की डिलीवरी डेट 27 मार्च निर्धारित थी। एहतियात के तौर पर परिवार उसे पहले ही मेडिकल कॉलेज नाहन ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्रसव हो गया। बताया जा रहा है कि यह महिला का दूसरा बच्चा है।
बस में प्रसव मां और नवजात के लिए था बड़ा जोखिम
महिला की डिलीवरी डेट 27 मार्च निर्धारित थी और एहतियात के तौर पर परिवार उसे पहले ही मेडिकल कॉलेज नाहन ले जा रहा था। हालांकि रास्ते में अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही बस में डिलीवरी हो गई। विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह बस में प्रसव होना मां और नवजात दोनों के लिए बेहद जोखिम भरा हो सकता था, क्योंकि ऐसी स्थिति में जरूरी चिकित्सकीय सुविधाएं और उपकरण उपलब्ध नहीं होते। हालांकि इस मामले में बस में मौजूद महिलाओं की मदद और समय पर मिली 108 एंबुलेंस सेवा के चलते जच्चा और नवजात दोनों सुरक्षित हैं।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here